March 31, 2026

Hind foucs news

hindi new update

अंडर-19 विश्व कप विजेता टीम इंडिया के लिए बीसीसीआई ने खोला खजाना, खिलाड़ी होंगे मालामाल

नई दिल्ली। आईसीसी मेंस अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप का खिताब  भारत ने छठी बार जीत लिया है। जिम्बाब्वे के हरारे में शुक्रवार को भारत और इंग्लैंड के बीच फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने 100 रन से बड़ी जीत दर्ज की। भारत के वैभव सूर्यवंशी ने फाइनल में 175 रनों की धुंआधार पारी खेली और टीम के अन्य खिलाड़ियों ने भी विश्व कप की ट्रॉफी जीतने में अपना अहम योगदान दिया। अंडर 19 विश्व क्रिकेट में भी भारत का दबदबा बनाने वाले खिलाड़ियों के प्रदर्शन से भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) बहुत खुश है और इसके चलते टीम इंडिया के लिए अपनी तिजोरी खोल दी है।

बीसीसीआई की ओर से अंडर 19 वर्ल्ड कप विजेता पूरी पूरी भारतीय टीम को 7.5 करोड़ रुपये का इनाम दिए जाने की घोषणा की गई है। बीसीसीआई के द्वारा अंडर-19 स्तर पर दिया गया ये अब तक का सबसे बड़ा इनाम है। इससे पहले 2025 में जब महिला टीम ने अंडर-19 वर्ल्ड कप जीता था तब उस टीम के लिए बीसीसीआई ने 5 करोड़ रुपये दिए थे। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने अंडर-19 टीम की सफलता को पूरे देश के लिए खुशी का मौका बताया है। आईसीसी की ओर से हालांकि खिलाड़ियों को सिर्फ मेडल और टीम को ट्रॉफी दी गई है।

भारतीय टीम ने फाइनल मैच में टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट पर 411 रन बनाए थे। खिताबी जीत के लिए 412 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम के टारगेट बहुत बड़ा था और उनकी पूरी टीम सिर्फ 311 रन ही बना सकी। इंग्लैंड के कैलब फॉल्कनर ने हालांकि शतकीय पारी खेली मगर वो अपनी टीम को लक्ष्य तक नहीं ले जा सके। भारत के वैभव सूर्यवंशी को उनके उम्दा प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच के साथ प्लेयर ऑफ द सीरीज भी चुना गया। वैभव सूर्यवंशी ने इस पूरे विश्व कप टूर्नामेंट में 439 रन बनाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *