April 26, 2026

Hind foucs news

hindi new update

यूजीसी नेट परीक्षा 21 अगस्त से ही होगी, सुप्रीम कोर्ट ने एग्जाम टालने की मांग वाली याचिका खारिज की

नई दिल्ली। यूजीसी नेट परीक्षा 21 अगस्त से ही होगी। सुप्रीम कोर्ट ने एग्जाम को टालने की मांग वाली याचिका पर सुनवाई से इनकार करते हुए उसे खारिज कर दिया। चीफ जस्टिस डी. वाई. चंद्रचूड़ ने याचिका को खारिज करते हुए कहा कि 9 लाख लोग परीक्षा देने वाले हैं, इतनी बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों को अनिश्चितता में नहीं डाल सकते। आपको बता दें कि यूजीसी-नेट की परीक्षा 18 जून को आयोजित हुई थी, लेकिन पेपर लीक की खबरों के चलते 19 जून को इस परीक्षा को रद्द कर दिया गया था।

परीक्षा का आयोजन करने वाली संस्था नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने अगस्त में इस परीक्षा को कराने का ऐलान किया था। सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर परीक्षा को स्थगित करने की मांग के पीछे याचिकाकर्ता की ओर से तर्क दिया गया कि इस मामले में पेपर लीक के आरोपों की सीबीआई जांच चल रही है, ऐसे में जब तक सीबीआई किसी निष्कर्ष तक नहीं पहुंच जाती, तब तक यूजीसी नेट छात्रों के लिए परीक्षा आयोजित नहीं करवाई जाए। फिलहाल अब याचिका खारिज होने के बाद 21 अगस्त से 4 सितंबर, 2024 तक परीक्षा के आयोजन का रास्ता साफ हो गया है।

पिछली बार की तहर ही परीक्षा इस बार भी दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली में परीक्षा सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक होगी। अब सुप्रीम कोर्ट से परीक्षा के आयोजन की हरी झंडी मिलने के बाद अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड का इंतजार है। एनटीए 15 अगस्त तक एडमिट कार्ड जारी कर सकता है। इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने 9 अगस्त को नीट पीजी परीक्षा 2024 को स्थगित करने की मांग वाली याचिका खारिज कर दी थी। मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) डीवाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली न्यायमूर्ति जेबी पारदीवाला और न्यायमूर्ति मनोज मिश्रा की पीठ ने कहा था कि वह परीक्षा आयोजित होने से दो दिन पहले एग्जाम को स्थगित करने का आदेश नहीं दे सकते।