April 26, 2026

Hind foucs news

hindi new update

बिहार के सिद्धेश्वर नाथ मंदिर में भगदड़ की सामने आई वजह, सीएम नीतीश कुमार ने किया मुआवजे का ऐलान

नई दिल्ली। बिहार के जहानाबाद में स्थित सिद्धेश्वर नाथ मंदिर में भगदड़ के चलते 7 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है जबकि लगभग 15 से 20 लोग घायल बताए जा रहे हैं। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस दर्दनाक हादसे पर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए सरकार की तरफ से मुआवजे का ऐलान किया है। सीएम ने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। सरकार संकट के इस समय में हर पीड़ित के साथ खड़ी है। इस घटना में मरने वाले हर श्रद्धालु के परिजन को 4 लाख रुपए अविलंब मुआवजा दिया जाएगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने घायलों के इलाज की भी समुचित व्यवस्था कराने के निर्देश दिए हैं। यह घटना देर रात 12 बजे के आस-पास घटी।

दरअसल सावन के महीने में हर साल सिद्धेश्वर नाथ मंदिर में श्रावणी मेला चलता है। आज सावन के चौथे सोमवार के चलते बड़ी संख्या में दर्शनार्थी भगवान भोलेनाथ को जल चढ़ाने के लिए मंदिर पहुंचे थे। भीड़ ज्यादा होने के चलते रात से ही लोग लाइन में लगे थे। तभी अचानक वहां भगदड़ मच गई। वैसे भगदड़ क्यों मची इसका कारण स्पष्ट तौर पर तो नहीं कहा जा सकता लेकिन मंदिर में मौजूद एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि श्रद्धालुओं और फूल प्रसाद की दुकान वालों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।

इसके बाद मंदिर प्रशासन की ओर से वहां व्यवस्था देख रहे कार्यकर्ताओं ने लोगों पर लाठियां भांजनी शुरू कर दी। इस कारण से वहां भगदड़ की स्थिति हो गई। लोग एक-दूसरे को रौंदते हुए भागने लगे, इसमें जो जमीन पर गिरा वो उठ नहीं सका। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि मंदिर परिसर में पुलिस को मौजूद थी लेकिन इंतजाम सही नहीं थे। अगर पुलिस प्रशासन की ओर से एहतियातन एंबुलेंस की व्यवस्था कराई गई होती तो कुछ लोगों की जान बचाई जा सकती थी।