April 26, 2026

Hind foucs news

hindi new update

कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. संदीप घोष ने दिया इस्तीफा

नई दिल्ली। कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में ट्रेनी महिला डॉक्टर की रेप के बाद हत्या के विरोध में देशभर के कई सरकारी अस्पतालों में रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल के बीच कोलकाता मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल प्रोफेसर डॉ. संदीप घोष ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। डा. संदीष घोष का कहना है कि जिस ट्रेनी महिला डाक्टर की रेप के बाद हत्या की गई है वो मेरी बेटी जैसी थी। एक अभिभावक के तौर पर मैं अपने पद से इस्तीफा दे रहा हूं। उन्होंने कहा कि मैं नहीं चाहता भविष्य में किसी के साथ ऐसा हो। वहीं उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले में मेरी बदनामी हो रही है, सोशल मीडिया पर लोग मेरे बारे में तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं, इस बात से आहत होकर मैं इस्तीफा दे रहा हूं।

उधर, देशभर में डाक्टरों की हड़ताल के चलते आज स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। दिल्ली के राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल में ओपीडी सेवाओं पर हड़ताल का असर पड़ा हैं। यहां बड़ी संख्या में मरीज उनके परिजन इधर-उधर भटक रहे हैं। वहीं,
हड़ताल पर रहे डाक्टरों के प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के सचिव अपूर्व चंद्रा से मुलाकात की और डाक्टरों की सुरक्षा संबंधी चिंताओं को अवगत कराया।

सचिव अपूर्व चंद्रा से मुलाकात के बाद, फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (FORDA) के महासचिव डॉ. सर्वेश पांडे ने कहा कि हमने स्वास्थ्य सचिव से मुलाकात की है। हमने कल एक प्रेस विज्ञप्ति जारी की जिसमें हमारी मांगों का उल्लेख किया गया था कि आरजी कर मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल को तुरंत हटाया जाना चाहिए। इस मामले की सीबीआई जांच होनी चाहिए- ट्रैक कोर्ट और केंद्रीय सुरक्षा अधिनियम की एक समिति बनाई जानी चाहिए। हम अपनी हड़ताल तब तक जारी रखेंगे जब तक हमें इस बारे में सरकार की तरफ से लिखित आश्वासन नहीं मिल जाता। उनका कहना है कि केवल आपातकालीन सेवाएं ही काम करेंगी।