April 26, 2026

Hind foucs news

hindi new update

जेल से बाहर निकलते ही एक्शन मोड़ में मनीष सिसोदिया, पार्टी सौंप सकती है ये बड़ी जिम्मेदारी..

नई दिल्ली। दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, जो 17 महीने से तिहाड़ जेल में बंद थे, को आखिरकार कोर्ट से जमानत मिल गई है। शराब घोटाला मामले में नाम आने के बाद से वे जेल में थे, लेकिन अब उन्हें जमानत मिलने के बाद वे एक बार फिर दिल्ली की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं। जेल से बाहर आते ही मनीष सिसोदिया ने दिल्ली विधानसभा चुनाव की तैयारियों की कमान अपने हाथों में लेने की घोषणा की है। आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया को पार्टी की चुनावी रणनीतियों और तैयारियों को अंजाम देने की ज़िम्मेदारी सौंपी गई है।

आज शाम 6 बजे होगी पार्टी की बड़ी बैठक

तिहाड़ से बाहर आते ही सिसोदिया पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गए हैं। आज शाम 6 बजे उनके आवास पर आम आदमी पार्टी की एक बड़ी बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें पार्टी के कई प्रमुख नेता शामिल होंगे। इस बैठक में आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव की रणनीतियों पर चर्चा होगी और पार्टी की दिशा तय की जाएगी। सिसोदिया के आवास पर होने वाली इस बैठक को दिल्ली की राजनीति में एक महत्वपूर्ण मोड़ माना जा रहा है।

सोशल मीडिया पर सिसोदिया का हमला

तिहाड़ जेल से बाहर आने के बाद मनीष सिसोदिया ने सोशल मीडिया पर भी अपनी सक्रियता दिखाई है। उन्होंने हाल ही में हिंडनबर्ग की रिपोर्ट को लेकर सोशल मीडिया साइट ‘एक्स’ पर एक पोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। सिसोदिया ने अपने पोस्ट में कहा कि अगर हिंडनबर्ग के खुलासे सच हैं, तो यह समझ में आता है कि ‘विकसित भारत’ का नारा किसके विकास के लिए दिया जा रहा है।

उन्होंने आगे लिखा, “लेकिन, तानाशाही के इस दौर में क्या ये खुलासे सच साबित हो पाएंगे? क्या इसकी जांच की जाएगी? क्या ED और CBI कभी इस मामले की जांच करने की हिम्मत दिखा पाएंगे? या फिर ये एजेंसियां सिर्फ विपक्ष के नेताओं और उन व्यापारियों को झूठे मुकदमों में फंसा कर जेल में डालने के लिए हैं, जो चंदा नहीं देते?”