बीजेपी ने महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस को दी बड़ी जिम्मेदारी, विधानसभा चुनाव के लिए निपटाएंगे ये अहम काम
मुंबई। महाराष्ट्र में कुछ महीनों के बाद ही विधानसभा चुनाव होने हैं। इन चुनावों में एक तरफ शरद पवार की एनसीपी, उद्धव ठाकरे की शिवसेना-यूबीटी और कांग्रेस की महाविकास अघाड़ी है। वहीं, एक बार फिर महाराष्ट्र की सत्ता हासिल करने के लिए बीजेपी, एकनाथ शिंदे की शिवसेना और अजित पवार वाले एनसीपी गुट ने हाथ मिला रखा है। अब बीजेपी ने महाराष्ट्र में सहयोगी दलों के साथ सीट बंटवारा करने के बारे में अहम फैसला किया है।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए एकनाथ शिंदे की शिवसेना और अजित पवार की एनसीपी को बीजेपी कितनी-कितनी सीटें देगी, इस बारे में बातचीत की जिम्मेदारी मौजूदा डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस को दी गई है। बीजेपी के मुंबई अध्यक्ष आशीष शेलार ने मीडिया को ये जानकारी दी है। आशीष शेलार ने बताया कि बीजेपी की महाराष्ट्र इकाई की कोर कमेटी ने मुंबई में बैठक कर सीट बंटवारे और विधानसभा सीटों से संबंधित फैसले लेने के लिए देवेंद्र फडणवीस को अधिकृत किया है। देवेंद्र फडणवीस पहले महाराष्ट्र के सीएम भी रह चुके हैं और राज्य में बीजेपी के कद्दावर नेताओं में उनकी गिनती होती है।
महाराष्ट्र विधानसभा की बात करें, तो वहां 288 विधानसभा सीटें हैं। महाराष्ट्र में सरकार बनाने के लिए 145 सीटों पर जीत की जरूरत है। अभी बीजेपी की 106 सीटें हैं। वहीं, एकनाथ शिंदे की शिवसेना और अजित पवार की एनसीपी के पास 40-40 सीटें हैं। कुछ और छोटे दल व निर्दलीयों का भी समर्थन बीजेपी नीत महायुति को है। इस तरह महाराष्ट्र विधानसभा में सत्तारूढ़ एनडीए के विधायकों की संख्या 218 है। वहीं, कांग्रेस, शरद पवार की एनसीपी और उद्धव ठाकरे की शिवसेना यूबीटी व कुछ अन्य दल मिलाकर विपक्ष के 78 विधायक हैं। हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव में सत्तारूढ़ महायुति बहुत अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकी थी। वहीं, महाविकास अघाड़ी ने अच्छा प्रदर्शन कर काफी सीटें जीतीं।
