मुंबई के अटल सेतु से सुसाइड के लिए कूदी महिला तो कैब ड्राइवर ने पकड़ लिए बाल, देखिए कैसे बचाई गई जान
नई दिल्ली। मुंबई के अटल सेतु से कूदकर एक महिला आत्महत्या करना चाह रही थी, मगर वहां मौजूद एक कैब ड्राइवर ने बड़ी ही फुर्ती के साथ महिला के बाल पकड़ लिए जिससे महिला नीचे समुद्र में नहीं गिर सकती और उसके बाद पुलिस ने बहादुरी दिखाते हुए पुल से लटक रही महिला को ऊपर खींच लिया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में सोशल मीडिया यूजर्स उस कैब ड्राइवर और पुलिसकर्मियों की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
दरअसल यह घटना शुक्रवार शाम की है। मुंबई के मुलुंड इलाके में रहने वाली लगभग 55 वर्षीय महिला रीमा मुकेश पटेल आत्महत्या के इरादे से एक टैक्सी में बैठकर दक्षिण मुंबई को नवी मुंबई से जोड़ने वाले समुद्र पर बने अटल सेतु पर पहुंची। इसके बाद महिला ने पुल के बीचों बीच टैक्सी रुकवाई और उतर गई। कैब ड्राइवर को महिला की ये बात कुछ संदिग्ध लगी तो वो भी टैक्सी से उतर गया। इस दौरान महिला समुद्र में कूदने के इरादे से पुल की रेलिंग पर बैठ गई। तभी टैक्सी ड्राइवर ने उसे समझाने की कोशिश की। इस बीच वहां पुल पर तैनात रहने वाली ट्रैफिक पुलिस की गाड़ी पहुंच गई।
पुलिस की गाड़ी को देखकर रेलिंग पर बैठी महिला का संतुलन बिगड़ गया और वो नीचे गिरने लगी, तभी महिला के पास खड़े कैब ड्राइवर ने फुर्ती दिखाते हुए महिला के बाल पकड़ लिए। इस तरह वो महिला पुल से नीचे नहीं गिर सकी। तभी पुलिसकर्मियों ने बहादुरी दिखाते हुए रेलिंग पर चढ़कर महिला को ऊपर खींच लिया। इस तरह से महिला की जान बचाई जा सकी। हालांकि ये महिला सुसाइड क्यों करना चाहती थी इस बात की जानकारी सामने नहीं आ सकी है। आपको बता दें कि कुछ दिन पहले भी एक इंजीनियर ने अटल सेतु से कूद कर आत्महत्या कर ली थी।
