आज से रविवार सुबह तक ओपीडी में डॉक्टर नहीं देखेंगे मरीज, इलेक्टिव सर्जरी भी ठप; महिला डॉक्टर की रेप और हत्या के बाद साथियों पर हमले के खिलाफ आईएमए का फैसला
नई दिल्ली। कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में महिला डॉक्टर से रेप और हत्या के बाद विरोध प्रदर्शन कर रहे डॉक्टरों पर जिस तरह उपद्रवियों ने हमला किया और अस्पताल में तोड़फोड़ की, उससे नाराज डॉक्टरों के अखिल भारतीय संगठन आईएमए ने हड़ताल का आह्वान किया है। आईएमए के इस आह्वान पर डॉक्टर आज से रविवार सुबह 6 बजे तक ओपीडी व इलेक्टिव सर्जरी समेत तमाम काम नहीं करेंगे। यानी शनिवार से लेकर रविवार सुबह तक मरीजों के लिए बड़ी मुश्किल होने वाली है। हालांकि, आईएमए ने तय किया है कि इमरजेंसी समेत जरूरी सेवाएं जारी रहेंगी। वहीं, दिल्ली में डॉक्टर जंतर मंतर तक मार्च कर अपना विरोध जताएंगे। देश के तमाम शहरों में डॉक्टर 9 अगस्त से ही जमकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में पीजी के दूसरे साल में पढ़ रही महिला डॉक्टर की वीभत्स तरीके से रेप के बाद हत्या की घटना हुई थी। 8 और 9 अगस्त की दरम्यानी रात महिला डॉक्टर से रेप और हत्या की घटना में कोलकाता पुलिस ने संजय राय नाम के सिविक वॉलेंटियर को गिरफ्तार किया था। हालांकि, आरोप लगा कि आरोपी एक नहीं था। इसकी वजह ये बताई जा रही है कि जिस तरह महिला डॉक्टर से दरिंदगी की गई, वैसा एक आदमी नहीं कर सकता। कलकत्ता हाईकोर्ट के आदेश पर अब इस घटना की सीबीआई जांच हो रही है। वहीं, महिला डॉक्टर के परिजनों ने सभी से आग्रह किया है कि वो उनकी बेटी की तस्वीरों को सोशल मीडिया या कहीं प्रदर्शित न करें।
कोलकाता में महिला डॉक्टर की रेप के बाद हत्या के कारण राजनीति भी गर्मा गई है। सीएम और टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने इस घटना के विरोध और आरोपी को फांसी की मांग करते हुए शुक्रवार को 3 किलोमीटर मार्च निकाला। वहीं, बीजेपी, सीपीएम और कांग्रेस ने ममता बनर्जी की सरकार और पुलिस पर ही निशाना साधना जारी रखा। इस मामले के फिलहाल शांत होने के आसार नहीं दिख रहे हैं। अब सबकी नजर इस पर है कि सीबीआई की जांच में महिला डॉक्टर से रेप और हत्या का क्या कोई और आरोपी भी पकड़ा जाता है या नहीं।
