April 26, 2026

Hind foucs news

hindi new update

कोलकाता डाक्टर रेप, हत्या मामले में हाईकोर्ट ने फिर ममता बनर्जी सरकार को फटकारा

नई दिल्ली। कोलकाता आरजी कर मेडिकल मेडिकल कॉलेज में डाक्टर से दुष्कर्म के बाद हत्या मामले में आज फिर हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। इस दौरान हाईकोर्ट ने एक बार फिर ममता बनर्जी सरकार को कड़ी फटकार लगाई। कलकत्ता हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश टी.एस. शिवगणनम और न्यायमूर्ति एच. भट्टाचार्य की बेंच ने कहा कि इस मामले पर सुप्रीम कोर्ट ने स्वत: संज्ञान ले लिया है इसलिए न्यायिक अनुशासन के लिए हमें शीर्ष अदालत के आदेश का इंतजार करना होगा।

इससे पहले राज्य सरकार की तरफ से कोर्ट को बताया गया कि उसने इस मामले पर रिपोर्ट तैयार की है। इस पर हाईकोर्ट बेंच ने कहा कि रिपोर्ट अपने पास रखो। हाईकोर्ट ने फिलहाल इस केस की सुनवाई 4 सितम्बर तक के लिए टाल दी है। वहीं पीड़िता की पहचान उजागर किए जाने को लेकर हाईकोर्ट ने चिंता जताई। बेंच ने कहा कि हमने अपने पिछले आदेश में भी यह कहा था कि पीड़िता की पहचान उजागर न हो। अब सुप्रीम कोर्ट ने इस संबंध में सकारात्मक आदेश दिया है। आपको बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने कल अपने आदेश में केंद्र सरकार को आदेश दिया है कि मृतक डॉक्टर का नाम, फोटो और उसके वीडियो को सभी सोशल मीडिया प्लेटफार्म से हटाया जाए।

दूसरी तरफ, कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज के रेजिडेंट डाक्टरों ने इंसाफ की मांग को लेकर सीबीआई दफ्तर के बाहर प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। उधर, दिल्ली में भी डाक्टरों का प्रदर्शन जारी है। राम मनोहर लोहिया अस्पताल के रेजिडेंट डाक्टर वी वॉन्ट जस्टिस का नारा लगाते हुए मृतक डाक्टर के लिए न्याय की मांग कर रहे हैं। आपको बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने भी कल इस मामले में सुनवाई के दौरान पश्चिम बंगाल सरकार और पुलिस को कड़ी फटकार लगाई थी। इसके साथ ही डॉक्टरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शीर्ष अदालत ने नेशनल टास्क फोर्स का गठन भी किया है।