पश्चिम बंगाल में हिंसक हुआ बंद, बीजेपी नेता की कार पर कई राउंड फायरिंग, बाल-बाल बचे, घटनास्थल से मिला देसी बम
नई दिल्ली। कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज की घटना के विरोध में सीएम ममता बनर्जी के इस्तीफे की मांग को लेकर आज बुलाया गया बीजेपी का बंगाल बंद हिंसक हो गया है। भाटपाड़ा में बीजेपी नेता प्रियांगु पांडे की कार पर कई राउंड फायरिंग की गई है। गोलीबारी में प्रियांगु बाल-बाल बच गए। वहीं घटनास्थल से पुलिस ने देसी बम भी बरामद किया है। बंगाल के कई हिस्सों से बीजेपी और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प की खबरें आ रही हैं।
बीजेपी नेता प्रियांगु पांडे ने बताया कि आज मैं अपनी पार्टी के नेता अर्जुन सिंह के आवास पर जा रहा था। रास्ते में भाटपारा नगर पालिका की एक जेटिंग मशीन ने सड़क को अवरुद्ध कर दिया। जैसे ही हमारी कार रुकी, लगभग 50-60 लोगों ने हमें निशाना बनाया। मेरी गाड़ी पर 7 से 8 बम फेंके गए और फिर 6-7 राउंड फायरिंग की गई। यह टीएमसी और पुलिस की संयुक्त साजिश है। उन्होंने मेरी हत्या की योजना बनाई, पुलिस ने समर्थन किया और जानकारी दी। मेरी सुरक्षा हटा ली गई और फिर यह घटना घटी।
वहीं, कोलकाता के बाटा चौक पर विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेने पहुंचीं बीजेपी नेता लॉकेट चटर्जी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। लॉकेट चटर्जी ने कहा कि जिस मुद्दे के लिए हम सड़कों पर आए हैं, जनता इस मुद्दे का समर्थन कर रही है। हम जनता के साथ हैं। पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था नहीं है। यह साबित हो गया है कि ममता बनर्जी मृतक डाक्टर को न्याय नहीं देंगी और दोषी को बचाने की कोशिश कर रही हैं।
इस बीच, कोलकाता के गरियाहाट में बीजेपी नेता रूपा गांगुली ने यात्रियों से आज के 12 घंटे के बंगाल बंद के आह्वान का पालन करने का आग्रह किया। आपको बता दें कि कल नबन्ना अभियान के दौरान प्रदर्शनकारियों पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज और आंसू गैस के इस्तेमाल के बाद राज्य सरकार के विरोध में भाजपा ने 12 घंटे का ‘बंगाल बंद’ बुलाया है।
