February 16, 2026

Hind foucs news

hindi new update

हरियाणा विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगे दुष्यंत चौटाला और चंद्रशेखर आजाद

नई दिल्ली। हरियाणा में दुष्यंत चौटाला और चंद्रशेखर आजाद ने मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ने का फैसला किया है। इसके लिए दुष्यंत चौटाला की जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (एएसपी) कांशीराम के बीच गठबंधन हुआ है। प्रदेश की 90 विधानसभा चुनाव सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए दोनों दलों के बीच सीटों का बंटवारा भी हो गया है। दुष्यंत चौटाला और चंद्रशेखर आजाद ने एक संयुक्त प्रेस काफ्रेंस के माध्यम से गठबंधन का ऐलान करते हुए पूरी जानकारी दी। जेजेपी के अध्यक्ष दुष्यंत चौटाला ने बताया कि 90 सीटों में से जननायक जनता पार्टी 70 सीटों पर और आजाद समाज पार्टी 20 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

किस सीट पर कौन सी पार्टी के उम्मीदवार को उतारा जाएगा उसकी घोषणा भी जल्द ही कर दी जाएगी। चौटाला ने कहा कि राज्य में स्थाई सरकार के गठन के लिए हम दोनों ने गठजोड़ किया है। वहीं आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने कहा, इस चुनाव में हम नौजवानों के लिए रोज़गार, सामाजिक न्याय, कानून व्यवस्था में सुधार और गरीबों को महंगाई से निजात दिलाने के मुद्दों के साथ चुनाव मैदान में उतरेंगे। इसके साथ ही बढ़ते निजीकरण को रोका जाए और सरकारीकरण पर जोर दिया जाए इस पर हमारा जोर रहेगा। उन्होंने कहा कि हम भाजपा के साथ किसी भी कीमत पर नहीं जा सकते, हमारा वैचारिक विरोध है।

आपको बता दें कि हरियाणा में सभी 90 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में 1 अक्टूबर को मतदान होगा। चुनाव के नतीजों की घोषणा 4 अक्टूबर को की जाएगी। हरियाणा में इस विधानसभा चुनाव में कुल 2.01 करोड़ मतदाता होंगे, जिनमें से 1.06 करोड़ पुरुष, 0.95 करोड़ महिलाएं हैं। 4.52 लाख मतदाता इस चुनाव में पहली बार वोट डालेंगे। यहां 40.95 लाख युवा मतदाता हैं। आपको बता दें कि बीजेपी और इनेलो ने चुनाव आयोग से मांग की है कि चुनाव की तारीख को आगे बढ़ा दिया जाए क्योंकि लगातार पड़ने वाली छुट्टियों के चलते कुछ लोग घूमने की प्लानिंग कर सकते हैं जिससे मतदान प्रतिशत पर असर पड़ सकता है।