April 18, 2026

Hind foucs news

hindi new update

सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग मामले में अब दाऊद इब्राहिम की ‘डी कंपनी’ का आया नाम, जानिए पूरा मसला

मुंबई। बॉलीवुड के भाईजान एक्टर सलमान खान के मुंबई वाले घर के बाहर फायरिंग के मामले में अब दाऊद इब्राहिम यानी डी कंपनी की भी एंट्री हो गई है। सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग मामले के दोनों आरोपियों विक्की गुप्ता और सागर पाल का कहना है कि उनको डी कंपनी से जान का खतरा है। विक्की गुप्ता और सागर पाल के वकील ने अपने मुवक्किलों की सुरक्षा की गुहार केंद्र सरकार, महाराष्ट्र सरकार और बिहार सरकार से लगाई है। विक्की गुप्ता और सागर पाल के वकील ने ये आरोप भी लगाया है कि सलमान खान का गैंगस्टर से रिश्ता जगजाहिर है।

सलमान खान के घर के बाहर इसी साल 14 अप्रैल को फायरिंग की गई थी। सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग करने वाले विक्की गुप्ता और सागर पाल मौके से फरार हो गए थे। दोनों को बाद में गिरफ्तार किया जा सका था। पुलिस ने बताया था कि विक्की गुप्ता और सागर पाल 1 महीने से सलमान खान के घर की रेकी कर रहे थे। मुंबई पुलिस के मुताबिक इसमें लॉरेंस बिश्नोई गैंग का हाथ है। पुलिस का दावा है कि दाऊद इब्राहिम, छोटा राजन और अबु सलेम की जगह लॉरेंस बिश्नोई गैंग लेना चाहता था। इसी वजह से सलमान खान को डराकर फिल्म इंडस्ट्री से मोटी रकम उगाहने की प्लानिंग बनाई गई थी।

अब इस मामले में डॉन दाऊद इब्राहिम का नाम आने से मामले में नया मोड़ भी आ सकता है। हालांकि, अब तक सलमान खान का दाऊद गैंग से किसी तरह का रिश्ता कभी सामने नहीं आया। लॉरेंस बिश्नोई गैंग की तरफ से जरूर सलमान खान को धमकी दी जाती रही। जिसके बाद महाराष्ट्र सरकार ने सलमान खान की सुरक्षा भी बढ़ाकर वाई श्रेणी की कर दी थी। अब सबकी नजर इस पर है कि सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग करने वाले शूटर्स ने जिस तरह का आरोप लगाया है, उस पर मुंबई पुलिस क्या कहती है।