February 16, 2026

Hind foucs news

hindi new update

विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया आज कांग्रेस में होंगे शामिल, इन सीटों से चुनाव लड़ने की है चर्चा

नई दिल्ली। भारतीय रेसलर विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया आज कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करेंगे। कुश्ती के अखाड़ से निकलकर अब ये दोनों पहलवान राजनीति में दांव पेंच चलेंगे। कांग्रेस की आज दोपहर लगभग 1 बजे होने वाली प्रेस कांफ्रेंस में विनेश और बजरंग को पार्टी में शामिल किए जाने की घोषणा हो सकती है। अभी दो दिन पहले ही इन दोनों पहलवानों से राहुल गांधी ने मुलाकात की थी। राहुल गांधी के साथ इन दोनों की फोटो भी सोशल मीडिया पर शेयर की गई थी। इसके बाद से पिछले कई दिनों से चल रही इन अटकलों को और बल मिल गया था कि विनेश और बजरंग जल्द ही कांग्रेस में शामिल होने वाले हैं।

कांग्रेस सूत्रों के अनुसार विनेश फोगाट को पार्टी जींद की जुलाना या दादरी सीट से विधानसभा चुनाव के लिए टिकट दे सकती है। वहीं बजरंग पूनिया के बारे में कहा जा रहा है कि कांग्रेस उनको किसी ऐसी सीट से चुनाव में उतारेगी जो जाट बहुल हो। हालांकि बजरंग को लेकर चर्चा इस बात की भी है कि वो चुनाव नहीं लड़ेंगे बल्कि कांग्रेस की सदस्यता लेकर विनेश फोगाट के लिए प्रचार की जिम्मेदारी संभालेंगे। अब इन अटकलों पर विराम तो कांग्रेस की प्रेस कांफ्रेंस के बाद ही लगेगा। आपको बता दें कि विनेश फोगाट को पेरिस ओलंपिक के 50 किलो वर्ग कुश्ती फाइनल में पहुंचने के बाद मैच से पहले डिस्क्वालीफाई कर दिया गया था। उनका वजन 100 ग्राम ज्यादा पाया गया था।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत पूरा देश एकजुट होकर विनेश के पक्ष में खड़ा हो गया था। इसके बाद हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा था कि अगर कांग्रेस के पास संख्या बल होता तो हम विनेश को राज्यसभा भेज देते। जब विनेश फोगाट भारत पहुंचीं तो बजरंग पूनिया और साक्षी मलिक के साथ ही रोहतक से कांग्रेस के लोकसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा भी विनेश के स्वागत के लिए एयरपोर्ट पहुंचे थे। विनेश, बजरंग और साक्षी के साथ दीपेंद्र भी उसी गाड़ी में सवार होकर एयरपोर्ट से निकले थे। तभी से यह चर्चा शुरू हो गई थी कि कांग्रेस विनेश को पार्टी में शामिल करके विधानसभा चुनाव में टिकट दे सकती है।