April 18, 2026

Hind foucs news

hindi new update

बीजेपी और स्वाति मालीवाल का आतिशी पर निशाना, संसद हमले के दोषी अफजल गुरु का नाम लेकर लगाया ये आरोप

नई दिल्ली। अरविंद केजरीवाल की सरकार में मंत्री आतिशी मार्लेना सिंह को दिल्ली का नया सीएम चुने जाने पर बीजेपी और आम आदमी पार्टी की ही राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने निशाना साधा है। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ऐसे व्यक्ति का समर्थन करती है, जिसके परिवार ने संसद भवन पर आतंकी हमला करने के मास्टरमाइंड अफजल गुरु की फांसी रुकवाने की कोशिश की थी। बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि दिल्ली की जनता नक्सलियों के समर्थकों को कभी स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने ये भी कहा कि आम आदमी पार्टी ने ये भी दिखाया है कि वो महिलाओं को डमी और कठपुतली की तरह इस्तेमाल करती है।

वहीं, अफजल गुरु का नाम लेकर स्वाति मालीवाल ने भी आतिशी के खिलाफ बयान जारी किया है। स्वाति मालीवाल ने इस मामले को देश की सुरक्षा से जुड़ा बताते हुए ये भी कहा है कि भगवान दिल्ली की रक्षा करें।

आतिशी मार्लेना सिंह को आम आदमी पार्टी के विधायक दल की बैठक में नया नेता चुना गया। आतिशी के नाम का प्रस्ताव खुद अरविंद केजरीवाल ने किया। अरविंद केजरीवाल के अलावा आम आदमी पार्टी में नंबर दो नेता और दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया भी चाहते थे कि आतिशी को ही दिल्ली का नया सीएम बनाया जाए। आतिशी युवा नेता हैं और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से पढ़ी हैं। वो कई एनजीओ के साथ काम कर चुकी हैं। अरविंद केजरीवाल की बहुत करीबी आतिशी मंत्री बनने से पहले मनीष सिसोदिया की सलाहकार भी रह चुकी हैं। आम आदमी पार्टी कहती है कि आतिशी की वजह से दिल्ली के सरकारी स्कूलों की सूरत और सीरत बदली है।

आतिशी मार्लेना सिंह के पास अब तक वित्त, राजस्व और शिक्षा जैसे अहम विभाग रहे हैं। अरविंद केजरीवाल के जेल जाने के बाद से उन्होंने लगातार केंद्र की बीजेपी सरकार पर निशाना साधना जारी रखा था और अपने नेता को जेल भेजने में साजिश का आरोप लगाया। अरविंद केजरीवाल के जेल जाने के बाद आतिशी ने जेल भरो आंदोलन में भी अहम भूमिका निभाई थी। साथ ही अरविंद केजरीवाल ने भी उनको अहम दिखाते हुए स्वतंत्रता दिवस पर आतिशी से झंडारोहण कराने का प्रस्ताव दिल्ली के लेफ्टिनेंट गवर्नर को दिया था।