August 3, 2026

Hind foucs news

hindi new update

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने दे दी परमाणु हथियार इस्तेमाल करने की धमकी!, जानिए कब करेंगे इससे अटैक?

मास्को। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने परमाणु हमले की धमकी दी है। व्लादिमिर पुतिन ने रूस की शीर्ष सुरक्षा परिषद की बैठक में कहा है कि अगर रूस पर क्रूज मिसाइलों से यूक्रेन ने जवाबी हमला किया, तो वो जवाबी कार्रवाई में परमाणु हथियार का इस्तेमाल करने से पीछे नहीं हटेंगे। पुतिन ने पश्चिमी देशों को ये धमकी दी है। दरअसल, पिछले दिनों खबर आई थी कि ब्रिटेन ने यूक्रेन को रूस के खिलाफ हमले करने के लिए अपनी स्टॉर्म शैडो क्रूज मिसाइल के इस्तेमाल की मंजूरी दे दी है। रूस ने अब तक ये सिद्धांत बना रखा है कि उस पर परमाणु या पारंपरिक हमले से राज्य के अस्तित्व को खतरा होने पर वो परमाणु हमला सकता है। अगर पुतिन ऐसा कदम उठाते हैं, तो तीसरे विश्व युद्ध के पूरे आसार बन जाएंगे।

बताया जा रहा है कि बीते दिनों ही रूस की इंटेलिजेंस ने व्लादिमिर पुतिन को जानकारी दी कि यूक्रेन अब ब्रेटेन में बनी स्टॉर्म शैडो क्रूज मिसाइल से हमला करेगा। इसके बाद ही पुतिन ने शीर्ष सुरक्षा परिषद की बैठक बुलाई और पश्चिमी देशों को परमाणु हमले करने की धमकी दी। पुतिन ने कहा कि ऐसे हालात में रूस को उचित फैसला करने के लिए मजबूर होना होगा। रूस की इंटेलिजेंस ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि ब्रिटेन के पीएम कीर स्टार्मर ने अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन से मुलाकात के बाद यूक्रेन को स्टॉर्म शैडो क्रूज मिसाइल से रूस पर हमले करने की मंजूरी दी है। यूक्रेन को अमेरिका और ब्रिटेन समेत तमाम पश्चिमी देश हथियार दे रहे हैं। पश्चिमी देशों ने यूक्रेन को एफ-16 लड़ाकू विमान भी दिए हैं।

रूस और यूक्रेन के बीच फरवरी 2022 में युद्ध शुरू हुआ था। इस युद्ध में अब तक 1 लाख से भी ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं। वहीं, करीब 2 लाख लोग घायल हुए हैं। अमेरिका और पश्चिमी देशों की यूक्रेन को सैन्य मदद जारी रहने के कारण रूस अब तक यूक्रेन से हो रही जंग को जीत नहीं सका है। पहले भी कई बार ये कयास लगते रहे हैं कि यूक्रेन को हराने के लिए रूस परमाणु हथियार का इस्तेमाल कर सकता है, लेकिन अब व्लादिमिर पुतिन ने सीधे इसकी धमकी दी है।