‘लादेन को शरण दी…आतंकवाद फैलाता है…चुनावों में करता है धांधली…’, संयुक्त राष्ट्र में भारत ने पाकिस्तान को धोया
न्यूयॉर्क। भारत ने एक बार फिर पाकिस्तान को फटकार लगाते हुए उसे संयुक्त राष्ट्र में आईना दिखाया है। पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ की तरफ से संयुक्त राष्ट्र महासभा में भारत के खिलाफ धमकी भरे बयान का जवाब देते हुए भारत की राजनयिक भाविका मंगलनंदन ने कहा कि दुनियाभर में पाकिस्तान आतंकवाद और नशीले पदार्थों की तस्करी के लिए बदनाम है। इसके बावजूद वो दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत पर हमला करने का दुस्साहस कर रहा है। पाकिस्तानी पीएम शहबाज शरीफ के बयान को भारतीय राजनयिक ने हास्यास्पद बताया।
उन्होंने कहा कि दुनिया जानती है कि पाकिस्तान ने अपने पड़ोसी देशों के खिलाफ सीमा पार आतंकवाद का हथियार के तौर पर उपयोग किया। पाकिस्तान ने भारत के संसद, वित्तीय राजधानी मुंबई, तीर्थयात्रा के रास्तों और बाजारों में आतंकी हमले कराए। ऐसा देश कहीं भी हिंसा के बारे में बात करे, तो वो सबसे बड़ा पाखंड है। भारतीय राजनयिक भाविका मंगलनंदन ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में ये भी तथ्य उठाया कि पाकिस्तान ने वैश्विक आतंकवादी ओसामा बिन लादेन को पनाह दे रखी थी। भाविका ने पाकिस्तान के चुनावों में धांधली का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान लगातार भारत के इलाकों पर गंदी निगाह रखता है। भारतीय राजनयिक ने ये भी कहा कि जम्मू-कश्मीर में चुनावों को बाधित करने के लिए पाकिस्तान आतंकवाद का इस्तेमाल कर रहा है।
भारतीय राजनयिक ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में एलान किया कि आतंकवाद से कोई समझौता नहीं हो सकता और पाकिस्तान ये समझ ले कि सीमा पार आतंकवाद का नतीजा उसे भुगतना ही होगा। भाविका मंगलनंदन ने कहा कि जिस देश ने 1971 में नरसंहार किया और जहां आज भी अल्पसंख्यकों पर हमले होते हैं, उसका असहिष्णुता और भय के बारे में बोलने की हिम्मत करना हास्यास्पद है। भारतीय राजनयिक ने कहा कि दुनिया खुद देख सकती है कि पाकिस्तान हकीकत में क्या है। दुनियाभर में आतंकी घटनाओं से पाकिस्तान जुड़ा है। वो आतंकियों का पनाहगाह है। बार-बार पाकिस्तान के झूठ बोलने से सच्चाई और भारत का रुख नहीं बदलेगा।
