March 13, 2026

Hind foucs news

hindi new update

पंजाब में पंचायत चुनाव नामांकन के दौरान आप और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भिड़ंत, पथराव, फायरिंग

नई दिल्ली। पंजाब के फिरोजपुर जिले में पंचायत चुनाव के नामांकन के दौरान पर्चा भरने को लेकर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच आज जबर्दस्त हिंसक भिड़ंत हो गई। फिरोजपुर के ज़ीरा कस्बे में कांग्रेस और आप के कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे पर जमकर पथराव किया। इतना ही नहीं फायरिंग की भी खबर आ रही है। स्थिति को देखते हुए कई अन्य थानों से भी पुलिस बुलाई गई है। नामांकन स्थल के बाहर बड़ी संख्या में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता इकट्ठा हैं। वहीं, इस हिंसक भिड़ंत में कई लोगों के घायल होने की भी खबर है।

कांग्रेस के पूर्व विधायक और जिलाध्यक्ष कुलबीर सिंह जीरा भी इस भिड़ंत में घायल हो गए हैं। उनकी एक फोटो सामने आई है जिसमें उनके चेहरे पर चोट दिखाई दे रही है जिससे खून भी बह रहा है। वहीं पुलिस हालात को संभालने की कोशिश कर रही है। खबर ये भी है कि लोगों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को भी हवाई फायरिंग करनी पड़ी। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए पथराव में कई गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं। बहुत सी कारों से शीशे टूट गए हैं।

कांग्रेस ने प्रशासन पर आप नेताओं के साथ मिली भगत का आरोप लगाया। कांग्रेस नेता और लुधियाना से लोकसभा सांसद ने आरोप लगाया कि जानबूझकर कांग्रेस प्रत्याशियों को सरपंच व पंच की एनओसी व अन्य कागजात उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं। आपको बता दें कि पंजाब में कुल 13,237 ग्राम पंचायतों के लिए 15 अक्टूबर 2024 को वोट डाले जाएंगे। चुनाव की अधिसूचना 27 सितंबर को जारी हो चुकी है। फिलहाल प्रत्याशियों के नामांकन की प्रक्रिया चल रही है। 4 अक्टूबर को नामांकन पत्र दाखिल करने की आखिरी तारीख है। 15 अक्टूबर को ही मतदान खत्म होने के बाद वोटों की गिनती कर नतीजे घोषित कर दिए जांएगे।