कौन हैं दीपा कर्माकर? सोशल मीडिया पर किया कुछ ऐसा ऐलान, फैंस हो गए निराश
नई दिल्ली। भारत की जानी मानी जिमनास्ट दीपा कर्माकर ने आज अचानक सबको चौंका दिया। दरअसल दीपा ने खेल से संन्यास की घोषणा कर दी। दीपा ने सोशल मीडिया के जरिए अपने संन्यास का ऐलान करते हुए लिखा, ‘मैट से विदा लेते हुए। उन सभी को धन्यवाद जो मेरी यात्रा का हिस्सा रहे हैं। अब अगले अध्याय की ओर।‘ मुझे वो पांच साल की दीपा याद आती है, जिसको बोला था कि उसके फ्लैट फीट की वजह से वो कभी जिमनास्ट नहीं बन सकती। आज, मुझे अपनी उपलब्धियों को देख कर बहुत गर्व होता है।
ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली दीपा देश की पहली महिला जिमनास्ट हैं। हालांकि रियो ओलंपिक में वो जरा से अंतर से चूक गईं और चौथे स्थान पर रही थीं। इससे पहले 2014 के कॉमनवेल्थ गेम्स में जिमनास्टिक में दीपा ने ब्रॉन्ज मेडल जीता था। वह कॉमनवेल्थ गेम्स में मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला भी बनी थीं। 9 अगस्त 1993 को जन्मीं दीपा कर्माकर को देश का मान बढ़ाने के लिए कई पुरस्कारों से सम्मानित भी किया जा चुका है। साल 2015 में दीपा को प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार दिया गया। इसके बाद 2016 में दीपा कर्माकर को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया। 2017 में देश के चौथे सर्वोच्च भारतीय राष्ट्रीय सम्मान पद्म श्री से उनको नवाजा गया। 2017 में दीपा को 30 वर्ष से कम उम्र के एशिया के सुपर अचीवर्स की फोर्ब्स की सूची में शामिल किया गया।
दीपा कर्माकर ने लिखा, बहुत सोचने के बाद, मैंने ये फैसला ले लिया है, कि मैं जिमनास्टिक से रिटायर हो रही हूं। ये निर्णय मेरे लिए आसान नहीं था, लेकिन यही सही वक्त है। जिमनास्टिक्स मेरी जिंदगी का एक बहुत बड़ा हिस्सा है, मैं हर पल के लिए आभारी हूं। दीपा ने कहा मैं भले ही खेल से संन्यास ले रही हूं लेकिन जिमनास्टिक से मेरा कनेक्शन कभी नहीं टूटेगा। मैं चाहती हूं कि मैं इस खेल को कुछ वापस दे सकूं-शायद मेंटर, कोच, मेरे जैसी और बाकी लड़कियों को सपोर्ट करके।
