भारत के दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा का निधन, 86 वर्ष की उम्र में ब्रीच कैंडी अस्पताल में ली आखिरी सांस
नई दिल्ली। भारत के प्रतिष्ठित उद्योगपति और टाटा समूह के पूर्व चेयरमैन रतन टाटा का बुधवार, 09 अक्टूबर 2024 को निधन हो गया। उन्हें सोमवार को उम्र संबंधी बीमारियों के कारण मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें गहन चिकित्सा इकाई (ICU) में शिफ्ट किया गया, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।
रतन टाटा को ब्लड प्रेशर में अचानक गिरावट के बाद अस्पताल में भर्ती किया गया था। इसके बाद उनकी हालत गंभीर होने लगी, जिसके चलते उन्हें आईसीयू में ट्रांसफर किया गया। दो दिन पहले, 7 अक्टूबर को, उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए अपने स्वास्थ्य को लेकर फैली अफवाहों का खंडन किया था। उन्होंने अपने फॉलोअर्स और प्रशंसकों से कहा था कि चिंता की कोई बात नहीं है और वह सिर्फ आयु-संबंधी चिकित्सा जांच करा रहे हैं।
आखिरी सोशल मीडिया पोस्ट में क्या कहा था?
रतन टाटा ने अपनी आखिरी सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा था, “मैं वर्तमान में अपनी आयु-संबंधी चिकित्सा स्थितियों के कारण चिकित्सा जांच करवा रहा हूं। चिंता का कोई कारण नहीं है। मैं अच्छे मूड में हूं।” उन्होंने मीडिया और जनता से अपील की थी कि गलत सूचनाओं को न फैलाया जाए।
टाटा समूह का नेतृत्व और योगदान
1991 में रतन टाटा ने टाटा संस के चेयरमैन का पद संभाला और 2012 में रिटायरमेंट तक टाटा समूह का नेतृत्व किया। उनके कार्यकाल के दौरान, उन्होंने टाटा समूह को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया और 1996 में टाटा टेलीसर्विसेज की स्थापना की, जिससे टाटा समूह का दूरसंचार उद्योग में विस्तार हुआ।
