April 17, 2026

Hind foucs news

hindi new update

कौन हैं नायब सिंह सैनी?, फिर हरियाणा में बीजेपी की सरकार चलाने का मिला है जिम्मा

नई दिल्ली। हरियाणा की सत्ता को फिर नायब सिंह सैनी चलाने जा रहे हैं। उनको 12 मार्च 2024 को बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व ने मनोहर लाल खट्टर की जगह हरियाणा के सीएम का पद सौंपा था। इससे पहले नायब सिंह सैनी हरियाणा के कुरुक्षेत्र से सांसद थे। ओबीसी वर्ग से आने वाले नायब सिंह सैनी का जन्म हरियाणा के ही अंबाला जिले के मीजापुर माजरा गांव में 25 जनवरी 1970 को हुआ था। उनके पिता किसान थे। नायब सिंह सैनी ने मेरठ की चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी से एलएलबी की शिक्षा ली है। इसके अलावा वो बिहार के मुजफ्फरपुर स्थित बीआर अंबेडकर यूनिवर्सिटी से भी पढ़ाई कर चुके हैं।

नायब सिंह सैनी साल 1996 में बीजेपी में शामिल हुए थे। बीजेपी में वो अलग-अलग पद पर रहे। आरएसएस के सदस्य रहे नायब सिंह सैनी को 2002 में अंबाला में बीजेपी के युवा संगठन का जिला महासचिव बनाया गया था। उनको साल 2005 में अंबाला में बीजेपी के जिला अध्यक्ष का पद मिला। साल 2009 में नायब सिंह सैनी हरियाणा में बीजेपी किसान मोर्चा के महासचिव बने। इसके बाद 2012 में नायब सिंह सैनी को अंबाला में फिर बीजेपी का जिला अध्यक्ष का पद मिला। इसके बाद 2014 में नायब सिंह सैनी को बीजेपी ने टिकट दिया और वो अंबाला की नारायणगढ़ विधानसभा से विधायक चुने गए।

नायब सिंह सैनी हरियाणा की बीजेपी सरकार में श्रम और रोजगार, खनन, भू-विज्ञान और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री भी रहे। ये पद उनको 2016 में मिला था। नायब सिंह सैनी के कामकाज को देखते हुए बीजेपी नेतृत्व ने उनको 2019 के लोकसभा चुनाव में टिकट दिया। नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट पर कांग्रेस के निर्मल सिंह को 384591 वोट से हराया था। नायब सिंह सैनी को 688629 वोट मिले थे। नायब सिंह सैनी को 2023 में हरियाणा बीजेपी का प्रदेश अध्यक्ष भी बनाया गया था। हाल में हुए हरियाणा विधानसभा चुनाव में नायब सिंह सैनी लाडवा सीट से 16054 वोट से जीते हैं।