ईरान पर बड़ा हमला करने की तैयारी कर रही इजरायल की सेना!, अमेरिका की इंटेलिजेंस एजेंसी के लीक दस्तावेज से खुलासा
वॉशिंगटन। अमेरिका की नेशनल जियोस्पैटिक इंटेलिजेंस एजेंसी यानी एनजीए के दो गोपनीय दस्तावेजों का हवाला देते हुए न्यूयॉर्क टाइम्स अखबार ने बड़ा दावा किया है। अखबार के मुताबिक अमेरिका की इंटेलिजेंस एजेंसी के लीक हुए दस्तावेज बताते हैं कि इजरायल अब ईरान पर बड़ा हमला करने की तैयारी कर रहा है। एनजीए के लीक दस्तावेजों के हवाले से दावा किया गया है कि सैटेलाइट से ली गई तस्वीरों में दिख रहा है कि इजरायल की सेना ईरान पर हमले की तगड़ी तैयारी कर रही है। अखबार ने दावा किया है कि 15 और 16 अक्टूबर के एनजीए के दस्तावेजों में बताया गया है कि इजरायल की वायुसेना हवा में ईंधन भरने, तलाशी और बचाव अभियान और ईरान की तरफ से पलटवार को रोकने के लिए मिसाइल सिस्टम को नई जगह तैनात करने के अभ्यास में जुटी है।
ईरान ने 1 अक्टूबर को इजरायल पर 200 से ज्यादा मिसाइलें दागी थीं। इन मिसाइलों में से कई इजरायल के अलग-अलग इलाकों पर गिरी थीं। ईरान का ये हमला हिजबुल्लाह चीफ हसन नसरुल्लाह की इजरायल के हमले में मौत के जवाब में था। इजरायल ने ईरान के मिसाइल हमले के बाद कहा था कि इसका खामियाजा इस्लामी राष्ट्र को भुगतना होगा। हालांकि, ईरान के मिसाइल हमले के 20 दिन बीत जाने के बाद भी इजरायल की सेना ने पलटवार नहीं किया है। वहीं, शनिवार को इजरायल के पीएम बेंजामिन नेतनयाहू के घर पर हुए ड्रोन हमले के बाद इजरायल के रक्षा मंत्री योव गैलेंट ने ईरान और उसके समर्थित गुटों पर पीएम की जान लेने कोशिश का आरोप लगाया है। जबकि, खुद बेंजामिन नेतनयाहू ने कहा है कि इस हमले के बावजूद ईरान समर्थित हिजबुल्लाह जैसे गुटों को मिटाने के लिए इजरायल की सैन्य कार्रवाई जारी रहेगी।
7 अक्टूबर 2023 को फिलिस्तीनी आतंकी संगठन हमास ने इजरायल पर हमला कर 4000 के करीब लोगों की जान ली थी। हमास के आतंकी इजरायल से 200 से ज्यादा लोगों को बंधक बनाकर गाजा ले गए थे। इसके जवाब में इजरायल ने गाजा में हमास को मिटाने के लिए सैन्य कार्रवाई शुरू की थी। इसके बाद जब उत्तर में स्थित लेबनान से हिजबुल्लाह ने इजरायल पर हमला शुरू किया, तो बेंजामिन नेतनयाहू ने सेना को ईरान समर्थित इस गुट पर पलटवार का आदेश दिया। बीते दिनों ही इजरायली सेना ने हिजबुल्लाह के चीफ हसन नसरल्लाह को मार दिया। जबकि, हाल में इजरायल ने हमास के चीफ याह्या सिनवार को भी मौत के घाट उतारा है।
