April 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

Ranji Trophy: चेतेश्वर पुजारा का धमाकेदार शतक, रणजी ट्रॉफी में की टीम इंडिया में वापसी की दावेदारी मजबूत

नई दिल्ली। भारतीय टेस्ट टीम से बाहर चल रहे चेतेश्वर पुजारा ने रणजी ट्रॉफी 2024 में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम इंडिया में वापसी के संकेत दिए हैं। पुजारा को हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारतीय टेस्ट टीम में शामिल नहीं किया गया था, लेकिन उन्होंने रणजी ट्रॉफी में छत्तीसगढ़ के खिलाफ बेहतरीन शतक लगाकर अपने चयन के लिए जोरदार दस्तक दी है। सौराष्ट्र के इस बल्लेबाज ने अपनी टीम को संकट से निकालते हुए फर्स्ट क्लास करियर का 66वां शतक लगाया है।

लारा का रिकॉर्ड तोड़ा, 66वां फर्स्ट क्लास शतक पूरा

चेतेश्वर पुजारा ने छत्तीसगढ़ के खिलाफ अपनी पारी में 138 रन बनाए, जिसमें उन्होंने 15 चौके जड़े। इस पारी के साथ ही उन्होंने वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज ब्रायन लारा के 65 फर्स्ट क्लास शतकों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। भारत के लिए फर्स्ट क्लास क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले खिलाड़ियों की सूची में पुजारा अब तीसरे स्थान पर आ गए हैं। उनसे आगे सिर्फ सचिन तेंदुलकर और सुनील गावस्कर हैं, जिन्होंने 81-81 शतक लगाए हैं।

21000 फर्स्ट क्लास रन पूरे, चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय

पुजारा ने छत्तीसगढ़ के खिलाफ शतक के साथ फर्स्ट क्लास क्रिकेट में अपने 21000 रन भी पूरे कर लिए हैं। वह भारत के लिए फर्स्ट क्लास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले चौथे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे आगे सुनील गावस्कर, सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ हैं। गावस्कर ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 25834 रन बनाए हैं, जो भारत के लिए सबसे ज्यादा हैं।

टीम इंडिया में वापसी का इंतजार

चेतेश्वर पुजारा ने साल 2010 में भारतीय टेस्ट टीम के लिए डेब्यू किया था और अब तक 103 टेस्ट मैचों में 7195 रन बनाए हैं, जिसमें 19 शतक और 35 अर्धशतक शामिल हैं। हालांकि, हालिया खराब फॉर्म के चलते उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया था, लेकिन रणजी ट्रॉफी में उनकी शानदार बल्लेबाजी यह साबित करती है कि वह अभी भी भारतीय टीम के लिए उपयोगी साबित हो सकते हैं।