दिल्ली में एक्यूआई 350 के पार जाने से जबरदस्त प्रदूषण, छठ से पहले यमुना में भी बना हुआ है जहरीला झाग
नई दिल्ली। हर साल की तरह ठंड की शुरुआत से पहले दिल्ली और आसपास की हवा जहरीली हो गई है। दिल्ली में जबरदस्त प्रदूषण है। एयर क्वालिटी इंडेक्स यानी एक्यूआई 350 से ऊपर पहुंच गया है। दिल्ली के बवाना में सोमवार को एक्यूआई 380 हो गया। दिल्ली में सुबह धुंध देखी गई। वहीं, यमुना नदी में भी जहरीला झाग कम नहीं हुआ है। जबकि, कुछ दिन बाद ही छठ का पर्व है और बड़ी तादाद में महिलाएं सूर्य को अर्घ्य देने के लिए यमुना में उतरने वाली हैं।
दिल्ली सरकार में मंत्री गोपाल राय ने प्रदूषण का ठीकरा हरियाणा और पंजाब में पराली जलाए जाने को बताया है। उन्होंने कहा है कि दिल्ली में प्रदूषण के लिहाज से अगले 15 दिन बहुत अहम रहने वाले हैं। बीते दिनों सुप्रीम कोर्ट में दाखिल एक हलफनामा में बताया गया था कि पंजाब में पराली जलाने की 1200 से ज्यादा घटनाएं हुईं। वहीं, हरियाणा में भी 650 से ज्यादा पराली जलाने के मामले सामने आए। इस हलफनामे से पहले दिल्ली की सीएम आतिशी ने कहा था कि हरियाणा में बहुत पराली जलाई जा रही है। जिसकी वजह से दिल्ली में प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है। दिवाली का भी पर्व तीन दिन बाद है। ऐसे में दिल्ली में 30 अक्टूबर तक प्रदूषण बहुत ही गंभीर स्थिति में पहुंच सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक 30 अक्टूबर से दिल्ली और आसपास हवा की गति 12 किलोमीटर प्रति घंटे हो सकती है। अगर इस रफ्तार से हवा चली, तो दिल्ली और आसपास के इलाकों में प्रदूषण कम होने की उम्मीद है। हालांकि, अगले कुछ दिन दिल्ली और आसपास के इलाकों में रहने वालों को बहुत ज्यादा प्रदूषण की मार झेलने के लिए तैयार रहना होगा। ऐसे में जरूरत न होने पर बाहर न निकलें। खासकर दमा और हार्ट के मरीजों के लिए प्रदूषित हवा बहुत खतरनाक होती है। प्रदूषण से बचने के लिए मास्क भी पहना जा सकता है।
