April 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

कौन हैं गमालियल हेम्ब्रम, जिनको बीजेपी ने झारखंड सीएम हेमंत सोरेन के खिलाफ दिया है टिकट?

नई दिल्ली। झारखंड विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ अपने उम्मीदवार का ऐलान कर दिया है। बीजेपी ने बरहेट विधानसभा से गमालियल हेम्ब्रम को टिकट दी है। बरहेट झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) की सबसे सुरक्षित सीटों में से एक मानी जाती है। हेमंत सोरेन 2014 से लगातार बरहेट से चुनाव जीतते आ रहे हैं, ऐसे में बीजेपी ने इस हॉट सीट पर गमालियल हेम्ब्रम को उम्मीदवार घोषित किया है, इसके पीछे बीजेपी की सोची समझी रणनीति मानी जा रही है। सबसे पहले तो हम आपको गमालियल हेम्ब्रम के बारे में बताते हैं।

गमालियल हेम्ब्रम राजनीति में आने से पहले बतौर शिक्षक स्टूडेंट्स को पढ़ाते थे। 2019 में विधानसभा चुनाव से पहले गमालियल हेम्ब्रम ने शिक्षक की नौकरी छोड़कर राजनीति पारी शुरू की थी। उस चुनाव में भी गमालियल हेम्ब्रम हेमंत सोरेन के खिलाफ बरहेट सीट से चुनाव लड़े थे। हालांकि 2019 में हेम्ब्रम ने ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) की टिकट पर ताल ठोकी थी। राजनीति में बिल्कुल नए उम्मीदवार गमालियल हेम्ब्रम को उस चुनावा में मात्र 2,573 वोट मिले थे, जबकि हेमंत को 73,725 वोट मिले थे। दूसरे नंबर पर बीजेपी उम्मीदवार सिमोन मालतो थे जिनको 47,985 वोट मिले थे।

अब सवाल यह उठता है कि आखिर हेमंत सोरेन के खिलाफ बीजेपी ने ऐसे उम्मीदवार को क्यों उतारा जो एक बार पहले इतनी बुरी तरह से हार चुका है? दरअसल इस बार बीजेपी और आजसू मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। इसलिए ऐसा माना जा रहा है कि इस बार हेम्ब्रम सीएम हेमंत को कड़ी टक्कर देंगे। वहीं गमालियल हेम्ब्रम झारखंड के युवाओं में बहुत लोकप्रिय हैं। दरअसल हेमब्रम इलाके में एक बड़ा अंतर्राष्ट्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट कराते हैं। इस फुटबॉल टूर्नामेंट में कई देशों के खिलाड़ी भाग लेते हैं। इतना ही नहीं लाखों की संख्या में लोग इसे देखने पहुंचते हैं। यही कारण है कि युवाओं में हेमब्रम की लोकप्रियता जिसको बीजेपी भुनाना चाहती है। बीजेपी ने टुंडी विधानसभा से विकास महतो को टिकट दी है।