August 14, 2026

Hind foucs news

hindi new update

अब बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दीकी और एक्टर सलमान खान को जान से मारने की धमकी दी गई, यूपी से एक गिरफ्तार

मुंबई। एनसीपी के नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद अब उनके बेटे जीशान सिद्दीकी और एक्टर सलमान खान को जान से मारने की धमकी दी गई है। मुंबई पुलिस के मुताबिक जीशान सिद्दीकी के बांद्रा ईस्ट स्थित जनसंपर्क दफ्तर में जान से मारने की धमकी वाली कॉल शुक्रवार को आई थी। धमकी देने वाले ने जीशान और सलमान खान से रकम की मांग की। इसकी जानकारी मिलने के बाद मुंबई पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मुंबई पुलिस ने यूपी के नोएडा से मोहम्मद तैयब उर्फ गुफरान को गिरफ्तार किया है। उससे पूछताछ की जा रही है।

जीशान सिद्दीकी पहले कांग्रेस के विधायक थे। इस बार वो अजित पवार की एनसीपी से महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। जीशान सिद्दीकी के दफ्तर के बाहर ही 12 अक्टूबर को उनके पिता बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मौके से पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। कई अन्य आरोपी बाद में यूपी और हरियाणा से गिरफ्तार किए गए थे। बाबा सिद्दीकी की हत्या की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई के गैंग ने ली थी। लॉरेंस बिश्नोई गैंग का कहना है कि बाबा सिद्दीकी का डॉन दाऊद इब्राहिम से संबंध रहा और इसी वजह से उनकी हत्या की गई।

सलमान खान भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग की हिट लिस्ट में लंबे अर्से से हैं। राजस्थान में फिल्म की शूटिंग के दौरान सलमान खान पर काले हिरण के शिकार का आरोप लगा था। जिसको वजह बताकर लॉरेंस बिश्नोई गैंग सलमान खान की जान लेना चाहता है। कुछ महीने पहले ही सलमान खान के मुंबई स्थित आवास गैलेक्सी अपार्टमेंट पर फायरिंग भी हुई थी। फायरिंग करने वालों का संबंध लॉरेंस बिश्नोई गैंग से पाया गया था। बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद सलमान खान की सुरक्षा बढ़ाई गई है। सलमान खान के बारे में जानकारी मिली कि वो अब बुलेटप्रूफ कार का भी इस्तेमाल कर रहे हैं।