दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट के बाद दिल्ली के स्टेडियम की हालत बद से बदतर, शराब की मिली बोतलें, फैली है बेशुमार गंदगी
नई दिल्ली। पंजाबी और बॉलीवुड फिल्मों में अपनी गायकी के साथ अभिनय का जलवा बिखेरने वाले दिलजीत दोसांझ के म्यूजिकल कॉन्सर्ट के बाद दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम की हालत बद से बदतर हो गई है। यहां जगह-जगह शराब की बोतलें और बीयर के केन पड़े हुए हैं। सड़ा-गला खाना और हर तरफ गंदगी फैली हुई है। यहां तक कि स्टेडियम में प्रैक्टिस करने वाले खिलाड़ियों के सामानों को भी क्षति पहुंचाई गई है। एथलीट बेअंत सिंह ने खुद अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर स्टेडियम की बहाली का वीडियो शेयर किया है।
बेअंत ने स्पोर्ट्स स्टेडियम में होने वाले इस तरह के म्यूजिकल कॉन्सर्ट को लेकर नाराजगी जताते हुए कहा है कि स्टेडियम खिलाड़ियों के लिए बनाए जाते हैं। यहां खेल प्रतियोगिताएं होनी चाहिए न कि संगीत समारोह। उन्होंने कहा कि स्टेडियम में बहुत से खिलाड़ी रोजाना अभ्यास करते हैं लेकिन जब स्टेडियम किसी कार्यक्रम के लिए बुक कर दिया जाता है तो दस-दस दिन बंद रहता है और खिलाड़ी अभ्यास नहीं कर पाते। बेअंत ने कहा कि हमेशा खिलाड़ियों पर सवाल उठाए जाते हैं कि देश में इतनी जनसंख्या होने के बाद भी ओलंपिक में मेडल क्यों नहीं आ पाते लेकिन कोई भी खिलाड़ियों के सामने आने वाली इस प्रकार की परेशानियों को नहीं देखता। बेअंत ने कहा कि जब खिलाड़ी अभ्यास ही नहीं कर पाएंगे तो मेडल कहां से लाएंगे।
कॉन्सर्ट के बाद स्टेडियम का वीडियो शेयर करते हुए बेअंत ने यह भी कहा कि इसे देखकर इस बात का अंदाजा लगाया जा सकता है कि भारत में स्पोर्ट्स के प्रति लोग कितने संजीदा हैं। दरअसल दिलजीत दोसांझ का दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में कॉन्सर्ट था। ये कॉन्सर्ट 26 और 27 अक्टूबर दो दिन चला। इस कॉन्सर्ट में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। अब जब कॉन्सर्ट खत्म हो गया है तो स्टेडियम की बदहाल दशा दिखाई दे रही है।
