May 26, 2026

Hind foucs news

hindi new update

माफिया अतीक अहमद की फरार बीवी शाइस्ता परवीन की यूपी पुलिस को मिली इस राज्य में लोकेशन

लखनऊ। इलाहाबाद के माफिया डॉन रहे अतीक अहमद की फरार बीवी शाइस्ता परवीन की तलाश एक बार फिर तेज हो गई है। हिंदी अखबार दैनिक हिंदुस्तान ने सूत्रों के हवाले से जानकारी दी है कि यूपी पुलिस को अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन की लोकेशन ओडिशा में मिली। बताया जा रहा है कि वकील उमेश पाल की हत्या में सक्रिय भूमिका निभाने वाले बमबाज गुड्डू मुस्लिम के साथियों ने ओडिशा में शाइस्ता परवीन को ठिकाना दिलाया था। यूपी पुलिस ने इस बारे में जानकारी मिलने पर ओडिशा पुलिस को भी सतर्क किया है। शाइस्ता परवीन पर यूपी पुलिस ने 50 हजार रुपए के इनाम का एलान कर रखा है।

उमेश पाल की हत्या के कुछ दिन बाद ही अतीक अहमद की बीवी शाइस्ता परवीन अपने देवर अशरफ की पत्नी जैनब फातिमा संग फरार हो गई थी। परिवार की सदस्य आयशा नूरी भी फरार है। जैनब फातिमा और आयशा नूरी पर पुलिस ने 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा है। वहीं, उमेश पाल हत्याकांड के मामले में फरार गुड्डू मुस्लिम, साबिर और अरमान पर 5-5 लाख का इनाम है। गुड्डू मुस्लिम, साबिर और अरमान अतीक अहमद गैंग के बमबाज और शूटर हैं। उमेश पाल हत्याकांड मामले में अतीक अहमद के एक बेटे को यूपी एसटीएफ ने मुठभेड़ में मार गिराया था। अतीक गैंग के कई और सदस्य भी या तो मारे गए या उनको गिरफ्तार किया गया, लेकिन शाइस्ता परवीन, जैनब फातिमा, आयशा नूरी, गुड्डू मुस्लिम, साबिर और अरमान अब तक गिरफ्त से बाहर हैं।

उमेश पाल हत्याकांड मामले में यूपी पुलिस गुजरात की जेल से अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ को रिमांड पर प्रयागराज लाई थी। वहां उनसे पूछताछ की जा रही थी। अतीक अहमद और अशरफ की तीन लड़कों ने पुलिस हिरासत में ही हत्या कर दी थी। अतीक और अशरफ के सुपुर्द-ए-खाक पर शाइस्ता परवीन और जैनब के पहुंचने की उम्मीद थी, लेकिन वे नहीं आईं। इसके बाद कई बार ऐसी चर्चा रही कि शाइस्ता परवीन और जैनब समेत सभी फरार आरोपी विदेश चले गए हैं, लेकिन अब शाइस्ता परवीन की ओडिशा में लोकेशन मिलने से ये लग रहा है कि सभी देश में ही हैं।

More Stories