कमला हैरिस और डोनाल्ड ट्रंप में से किसे राष्ट्रपति देखना चाहते हैं भारतीय मूल के अमेरिकी?, ताजा सर्वे में मिला संकेत
वॉशिंगटन। अमेरिका में 5 नवंबर को राष्ट्रपति पद का चुनाव है। इस बार अमेरिका के राष्ट्रपति पद का चुनाव डेमोक्रेटिक पार्टी की तरफ से उप राष्ट्रपति कमला हैरिस लड़ रही हैं। उनको पूर्व राष्ट्रपति और रिपब्लिकन पार्टी के डोनाल्ड ट्रंप चुनौती दे रहे हैं। बीते दिनों सीएनएन के सर्वे में बताया गया था कि कमला हैरिस और डोनाल्ड ट्रंप में जोरदार टक्कर है और अमेरिका के 47-47 फीसदी लोग इनको समर्थन दे रहे हैं। अब इंडियन अमेरिकन एटिट्यूड सर्वे आईएएएस भी आया है। ये सर्वे अमेरिका में बसे भारतीयों के बीच कराया गया है।
आईएएएस के सर्वे को ऑनलाइन कराया गया और इसका सैंपल साइज मात्र 714 है, लेकिन इस सर्वे के मुताबिक अमेरिका में बसे ज्यादातर भारतीय कमला हैरिस का समर्थन कर रहे हैं। इस सर्वे के मुताबिक भारतीय-अमेरिकी समुदाय के 61 फीसदी लोग कमला हैरिस की जीत चाहते हैं। वहीं, 32 फीसदी डोनाल्ड ट्रंप के लिए वोट करना चाहते हैं। हालांकि, अमेरिका में बसे ज्यादातर भारतीय कमला हैरिस के पक्ष में हैं, लेकिन पिछली बार के मुकाबले इनकी संख्या भी कम है। पिछली बार 56 फीसदी भारतीयों ने डेमोक्रेटिक पार्टी को समर्थन दिया था, लेकिन इस बार ये आंकड़ा 47 फीसदी ही दिख रहा है। वहीं, रिपब्लिकन पार्टी के समर्थकों की संख्या 21 फीसदी है और ये स्थिर है।
आईएएएस के सर्वे में 21 फीसदी लोगों ने बताया है कि वो निर्दलीय हैं। ये संख्या पिछली बार के मुकाबले बढ़ी है। सर्वे में खास बात ये भी पता चली कि भारतीय मूल के पुरुषों में ज्यादातर कमला हैरिस के समर्थन में हैं। अमेरिका में 52 लाख के साथ भारतीय-अमेरिकी दूसरे सबसे बड़े आप्रवासी हैं। इनमें से 26 लाख को अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव में वोट देना है। माना जा रहा है कि कमला हैरिस की मां भारतीय थीं और इसी वजह से अमेरिका में बसे भारतीय मूल के ज्यादातर लोगों का उनको समर्थन मिल रहा है। अब 7 नवंबर तक पता चलेगा कि कमला हैरिस और डोनाल्ड ट्रंप में से कौन अमेरिका का राष्ट्रपति चुना जाता है।
