June 17, 2026

Hind foucs news

hindi new update

ओडिशा में ट्रेन पर फायरिंग की घटना से हड़कंप, आरपीएफ-जीआरपी जांच में जुटी

नई दिल्ली। ओडिशा में एक ट्रेन पर अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग कर दी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना नंदनकानन एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 12816) की है, जिसमें ट्रेन के ऊपर कई राउंड गोलियां दागी गईं। रिपोर्ट के अनुसार, ये घटना आज सुबह 9.25 बजे की है, जब ट्रेन चरंपा रेलवे स्टेशन से रवाना हो रही थी।

क्या है पूरा मामला?

सूत्रों के अनुसार, ट्रेन में यह गोलीबारी गार्ड के वैन डिब्बे की ओर की गई, जिसमें किसी भी यात्री के बैठने की जगह नहीं थी। गनीमत रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। ट्रेन प्रबंधक से इस घटना की शिकायत मिलने के बाद भद्रक जीआरपी ने तुरंत जांच शुरू कर दी।

रेलवे सुरक्षा बल का ऐंगल

रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) मामले की जांच में जुट गई हैं। अधिकारी इस बात की पुष्टि करने में लगे हैं कि क्या वास्तव में यह गोलीबारी का मामला है या फिर पत्थरबाजी जैसी किसी अन्य घटना से हुआ भ्रम है।

बम की धमकियों से पहले भी रेलवे में मचा था हड़कंप

पिछले कुछ दिनों में रेलवे विभाग को विभिन्न स्थानों पर बम धमाकों की सूचना भी मिलती रही है। हाल ही में बिहार संपर्क क्रांति सुपरफास्ट ट्रेन (ट्रेन नंबर 12565) में बम की सूचना मिलने से भी हड़कंप मच गया था। उत्तर प्रदेश के गोंडा में जब यह ट्रेन पहुंची, तो आरपीएफ और जीआरपी पुलिस की टीम ने डॉग स्क्वाड के साथ ट्रेन की पूरी चेकिंग की, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद ट्रेन को डेढ़ घंटे की देरी के बाद रवाना किया गया।

देशभर में बम की अफवाहें फैला चुके आरोपी भी गिरफ्तार

इससे पहले महाराष्ट्र से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया था, जिसने पूरे देशभर में बम धमाका होने की अफवाह फैलाई थी। आरोपी जगदीश उईके ने केंद्रीय मंत्री सहित विमान कंपनियों को बम की धमकी भरे ईमेल भेजे थे, जिससे सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया था।