April 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

करीना कपूर खान की ‘द बकिंघम मर्डर्स’ जल्द होगी ओटीटी पर स्ट्रीम, जानिए रिलीज डेट और प्लेटफॉर्म सबकुछ..

नई दिल्ली। करीना कपूर खान के अभिनय से सजी मर्डर मिस्ट्री स्लो-बर्न थ्रिलर द बकिंघम मर्डर्स 13 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म को करीना के दमदार प्रदर्शन, दिलचस्प पटकथा और हंसल मेहता के शानदार निर्देशन के लिए दर्शकों और समीक्षकों से सराहना मिली है। रिलीज के लगभग दो महीने बाद, द बकिंघम मर्डर्स अब 8 नवंबर से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी। बुधवार को नेटफ्लिक्स ने अपने सोशल मीडिया हैंडल्स पर यह घोषणा की और फिल्म का पोस्टर साझा करते हुए लिखा, “यहाँ एक इशारा है: द बकिंघम मर्डर्स 8 नवंबर को नेटफ्लिक्स पर आ रही है।”

इस फिल्म के साथ करीना कपूर खान ने बतौर निर्माता भी डेब्यू किया है। उन्होंने शोभा कपूर और एकता कपूर के साथ मिलकर इसे प्रोड्यूस किया है। हंसल मेहता के निर्देशन में बनी इस फिल्म में करीना के साथ रणवीर बरार, आष टंडन, असद राजा, प्रभलीन संधू, संजीव मेहरा, अद्वा अकोटो और ज़ैन हुसैन जैसे कलाकार भी नज़र आएंगे।

द बकिंघम मर्डर्स में करीना एक ऐसी पुलिस अधिकारी की भूमिका निभा रही हैं जिसने अपने बेटे को खो दिया है, जिसके बाद वह एक छोटे शहर में जाकर एक बच्चे की मौत की जांच करती हैं। कई दर्शकों ने इसे केट विंसलेट की मरे ऑफ ईस्टटाउन से तुलना की, जिसमें केट विंसलेट एक छोटे शहर में जटिल हत्याकांड की जांच करते हुए निजी त्रासदी से जूझती हैं।

जब हंसल मेहता से इन तुलनाओं के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने इसे खारिज करते हुए DNA को बताया, “मैंने मरे ऑफ ईस्टटाउन देखी और मुझे पता था कि ऐसा होगा। एक दुखी मां की कहानी एक सार्वभौमिक भावना है। जो लोग इन दोनों में इतनी गहरी समानताएँ खोजते हैं, वे बहुत ही सतही सोच रखते हैं। यह आलसी सोच की निशानी है। ये तुलना अपनी कमजोरी को छुपाने के लिए की जाती हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “यह कहानी 2018 में लिखी गई थी और इसे मुझे असीम अरोड़ा ने छलांग के सेट पर सुनाया था। तो क्या हम यह कह रहे हैं कि मरे ऑफ ईस्टटाउन ने असीम की कहानी चुराई है? मुझे वास्तव में गर्व महसूस होता है, और करीना को भी करना चाहिए। केट विंसलेट और मरे ऑफ ईस्टटाउन से तुलना करना ठीक है, लेकिन इसे नकल कहना सिर्फ गिरी हुई सोच की निशानी है।”