शिव की काशी में धरती पर उतरेंगे देवता, असंख्य दीप प्रज्ज्वलित कर मनाई जाएगी देव दीपावली
* सचिन अधाना *
वाराणसी। देव दीपावली पर गंगा में उतरती आस्था की सीढ़ियों पर सनातन की ज्योति से पूरा विश्व दीप्तिमान होगा। काशी की धरती पर शुक्रवार को देवता उतरेंगे। असंख्य दीप प्रज्ज्वलित कर देवताओं के साथ देव दीपावली मनाएंगे। योगी सरकार ने देव दीपावली की पूरी तैयारी कर ली है। कार्तिक पूर्णिमा पर शुक्रवार को उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ नमो घाट का उद्घाटन करेंगे। साथ ही देव दीपावली की शुरूआत करेंगे।
इस मौके पर राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी भी रहेंगे। इनके लिए खास फायर क्राकर शो नमो घाट पर होगा। जनसहभागिता से काशी के घाटों, कुंडों, तालाबों और देवालयों में 17 लाख से अधिक दीप दीप्तिमान होंगे। पुलिस और जल पुलिस ने भी सुरक्षा के पूरे पुख्ता इंतजाम कर लिए हैं। सुरक्षा की दृष्टि से वाराणसी को नो फ्लाई जोन में रखा गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ श्री काशी विश्वनाथ और बाबा काल भैरव का दर्शन भी करेंगे।
जनसहभागिता से प्रज्ज्वलित होंगे 17 लाख दीप
काशी के उत्तरवाहिनी जाह्नवी के तट पर शुक्रवार को भगवान देव दीपावली मनाने स्वर्ग से काशी के घाटों पर उतरेंगे। योगी सरकार देव दीपावली को भव्य बनाने के लिए 12 लाख दीपों से घाटों को रोशन कर रही है। जन सहभागिता से इन दीपों की संख्या 17 लाख के पार हो जाएगी। 3 लाख से अधिक दीप गाय के गोबर से बने हैं। ऐसे में काशी के अर्द्धचन्द्राकार घाटों पर जब दीपों की माला पहने हुए माँ गंगा का श्रृंगार और आरती होती है। तो ये छठा और अद्भुत दिखाई देती है।
इस अलौकिक, अप्रतिम और दिव्य दृश्य को देखने के लिए देशी और विदेशी पर्यटक बड़े तादाद में काशी पहुंच रहे हैं। देव दीपावली पर 10 लाख से अधिक पर्यटकों के आने की संभावना है। काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के बाद काशी में पर्यटकों की रिकॉर्ड आमद हुई है । देव दीपावली पर होटल ,गेस्ट हाउस ,नाव ,बजरा, बोट व क्रूज पहले से बुक हो गए हैं।
योगी सरकार काशी के चेत सिंह घाट पर 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग लेजर शो आयोजित करा रही है। घाटों के किनारे सदियों से खड़ी धर्म, अध्यात्म, संस्कृत और काशी के पौराणिक इतिहास की गवाह इमारतों पर सनातन की शाश्वत कहानी जीवंत होती दिखेगी। काशी का धार्मिक इतिहास दिखाया जाएगा। पर्यटक गंगा पार रेत पर शिव के भजनों के साथ ग्रीन क्रैकर्स लेजर शो भी आनंद ले सकेंगे।
