19 साल बाद बॉक्सिंग रिंग में उतरे माइक टायसन ने मैच हारकर भी फैंस का जीता दिल
नई दिल्ली। दुनिया भर में मशहूर अमेरिका के पूर्व बॉक्सर माइक टायसन लगभग 19 साल बाद आज एक बार फिर बॉक्सिंग रिंग में उतरे। 58 वर्षीय माइक टायसन का मुकाबला उनसे उम्र में तकरीबन 30 साल छोटे जेक पॉल से था। जेक पॉल यूट्यूबर हैं जो बॉक्सिंग भी करते हैं। टायसन इस उम्र में भी बॉक्सिंग के प्रति अपना जज्बा दिखाते हुए आखिरी राउंड तक लड़े, हालांकि वो ये मुकाबला हार गए लेकिन उन्होंने अपने फैंस का दिल एक बार फिर जीत लिया। टायसन ने हार कर भी यह संदेश जरूर दे दिया कि क्यों उन्हें बॉक्सिंग की दुनिया का महानतम खिलाड़ी कहा जाता है।
नेटफ्लिक्स की तहर से आयोजित इस प्रोफेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में माइक टायसन ने अपने प्रतिद्वंद्वी जेक पॉल के खिलाफ पहले राउंड में जबर्दस्त शुरुआत करते हुए मुक्कों की बरसात की। हालांकि दूसरे राउंड से जेक पॉल टाइसन पर हावी दिखे। टाइसन पर उम्र का असर दिखा और वो दूसरे राउंड के बाद थक गए और डिफेंसिव खेलने लगे। जिसका फायदा जेक पॉल ने उठाया और वो लगातार टायसन पर हावी होते गए। थकने के बावजूद टायसन आठवें राउंड तक डटे रहे। पॉल ने इस मुकाबले में टायसन को 80-72, 79-73, 79-73 से हराया। टायसन के जज्जे को देखकर हर कोई दंग रह गया। मैच जीतने के बाद जेक पॉल ने झुककर टायसन को सम्मान दिया।
माइक टायसन से जीत के बाद जेक पॉल ने कहा कि मैच से पहले तो उन्हें इस बात का डर सता रहा था कि कहीं मैं टायसन उन्हें नॉकआउट ना कर दें। पॉल ने कहा कि जैसा मैंना सोचा था मुझे वैसी ही टक्कर मिली। यह मुकाबला जीतना आसान नहीं था। पॉल ने टायसन को बॉक्सिंग का लीजेंड बताया। ऐसा बताया जा रहा है कि इस प्रतिस्पर्धा के बाद जेक पॉल को 40 मिलियन अमेरिकी डॉलर (337 करोड़ रुपए) मिलेंगे। वहीं, टायसन को 20 मिलियन अमेरिकी डॉलर (168 करोड़ रुपए) की भारी भरकम रकम मिलेगी। इससे पहले टायसन ने प्रोफेशनल बॉक्सिंग मैच साल 2005 में केविन मैकब्राइड के खिलाफ खेला था।
