December 7, 2024

Hind foucs news

hindi new update

बिहार के दरभंगा में राम विवाह जुलूस पर उपद्रवियों ने किया पथराव, बड़ी तादाद में पुलिस तैनात

1 min read

दरभंगा। बिहार के दरभंगा में शुक्रवार रात दो समुदायों के बीच जमकर संघर्ष होने की खबर है। जानकारी के मुताबिक ये घटना बाजितपुर इलाके की है। दरभंगा में विवाह पंचमी मनाई जा रही थी। इस अवसर पर राम विवाह का जुलूस निकाला गया था। आरोप है कि जब राम विवाह का जुलूस बाजितपुर इलाके में एक मस्जिद के पास पहुंचा, तो एक समुदाय के लोगों ने जुलूस को रोक दिया। इसके बाद पथराव होने लगा। इसके जवाब में राम विवाह के जुलूस में शामिल लोगों ने भी पथराव करना शुरू कर दिया।

जानकारी के मुताबिक यहां लाठी-डंडों से भी एक-दूसरे को निशाना बनाए जाने की खबर है। दो समुदायों में संघर्ष की खबर मिलते ही बड़ी तादाद में पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को और बिगड़ने से बचाया। इलाके में तनाव को कम करने के लिए बड़ी तादाद में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। पुलिस यहां के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। दरभंगा के प्रशासन का कहना है कि दोषियों को चिन्हित कर सख्त सजा दिलाई जाएगी। दोनों समुदायों के लोगों से पुलिस बात भी कर रही है। प्रशासन के अनुसार राम विवाह का जुलूस मस्जिद के पास पहुंचा, लेकिन वहां से वापस चला गया था। इसके बाद ही दोनों समुदाय के लोगों के बीच बहस हुई। जिसके बाद पथराव हुआ।

दरभंगा में करीब 20 साल से विवाह पंचमी पर राम विवाह जुलूस निकालने का चलन है। बताया जा रहा है कि पहले कभी भी जुलूस निकलने के मौके पर उपद्रव नहीं हुआ। पहली बार यहां पथराव और दो समुदायों में संघर्ष की घटना हुई है। बिहार में ये पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई जगह दो अलग-अलग संप्रदायों के बीच संघर्ष की घटनाएं होती रही हैं। हर बार की तरह इस बार भी पुलिस की सक्रियता ने हालात बिगड़ने से बचा लिया है। अगर गौर करें, तो देशभर में कई जगह हिंदुओं के त्योहार और पर्वों पर पथराव की घटनाएं लगातार हो रही हैं। अन्य राज्यों में भी उपद्रवियों ने कई बार हालात बिगाड़ने की कोशिश की है।