राज्यसभा में हंगामा, जगदीप धनकड़ और मल्लिकार्जुन खड़गे के बीच जोरदार बहस
नई दिल्ली। राज्यसभा में आज का दिन भी हंगामे की भेंट चढ़ गया। सभापति जगदीप धनकड़ और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बीच आज जोरदार बहस हुई। खड़गे ने धनकड़ पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से संचालित न होने देने की बात कही। इस पर जवाब देते हुए धनकड़ बोले, सदन के सभापति की कुर्सी पर एक किसान का बेटा बैठा है, यह बात आपको हजम नहीं हो रही है। मैं देश के लिए जान दे दूंगा, लेकिन झुकूंगा नहीं। किसी भी हालत में कमजोर नहीं पड़ूंगा, मैंने आपको बहुत बर्दाश्त किया है।
उपराष्ट्रपति जगदीप धनकड़ की बात के जवाब में मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि आप किसान के बेटे हैं तो मैं मजूदर का बेटा हूं। आप सदन की कार्यवाही को सुचारु रूप से चलने दें, हम यहां आपकी तारीफ सुनने नहीं आए हैं। इस पर पलटवार करते हुए धनकड़ बोले, मुझे पता है आप किसकी तारीफ सुनना चाहते हैं।
धनखड़ ने अपने खिलाफ कांग्रेस द्वारा अविश्वास प्रस्ताव लाए जाने पर कहा कि पहले आप लोग नियमों को पढ़ें। मैं आप सभी से अनुरोध करता हूं कि आप समय निकालें और मुझसे आकर मिलें अगर आप नहीं आ सकते तो मुझे बताएं मैं मिलने आ जाऊंगा। इसी के चलते राज्यसभा में हंगामा जारी रहा जिस कारण से सदन की कार्यवाही को सोमवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
आपको बता दें कि कांग्रेस द्वारा सभापति जगदीप धनकड़ के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाए जाने पर बीजेपी लगातार कांग्रेस पर हमलावर है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत अन्य सांसद सोनिया गांधी और भारत विरोधी गतिविधि में शामिल अमेरिकी जॉर्ज सोरोस के बीच लिंक को लेकर कांग्रेस से जवाब मांग रहे हैं। बीजेपी का कहना है कि जॉर्ज सोरोस के मुद्दे से जनता का ध्यान भटकाने के लिए ही कांग्रेस राज्यसभा के सभापति के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाई है।
