April 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में TMC ने किया बाबरी जैसी मस्जिद के बनाने का ऐलान, भाजपा ने भी राम मंदिर निर्माण की भरी हुंकार

नई दिल्ली। मुर्शिदाबाद के बेलडांगा में बाबरी मस्जिद की तर्ज पर मस्जिद निर्माण के प्रस्ताव के कुछ ही दिन बाद भाजपा ने बरहामपुर में राम मंदिर बनाने की योजना का ऐलान कर दिया है। भाजपा के अनुसार, राम मंदिर का निर्माण 22 जनवरी, 2025 को अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन की पहली वर्षगांठ पर शुरू होगा।

10 करोड़ की लागत से बनेगा मंदिर

भाजपा के बरहामपुर संगठनात्मक जिला अध्यक्ष शाखाराव सरकार ने बताया कि मंदिर के लिए जमीन का चयन हो चुका है। इस परियोजना पर लगभग 10 करोड़ रुपये खर्च होंगे। उन्होंने कहा कि यह कदम क्षेत्र में हिंदू समुदाय की आस्था को सम्मान देने के लिए उठाया गया है।

इससे पहले, बेलडांगा से टीएमसी विधायक हुमायूं कबीर ने बाबरी मस्जिद जैसी मस्जिद के निर्माण की योजना का ऐलान किया था। उन्होंने कहा था कि यह मस्जिद 2025 तक तैयार होगी और क्षेत्र की अल्पसंख्यक आबादी की भावनाओं का सम्मान करेगी।

विपक्ष की आलोचना और टीएमसी की दूरी

कबीर के बयान की विपक्षी भाजपा और कांग्रेस ने तीखी आलोचना की है। दूसरी ओर, टीएमसी ने कबीर की टिप्पणी से खुद को अलग करते हुए इसे उनकी निजी राय बताया है।

भाजपा की रणनीति?

विशेषज्ञ भाजपा के राम मंदिर निर्माण के प्रस्ताव को मुर्शिदाबाद में अपनी उपस्थिति मजबूत करने की रणनीति मान रहे हैं। मुर्शिदाबाद पश्चिम बंगाल का अल्पसंख्यक बहुल जिला है, जहां अल्पसंख्यक आबादी 75% है। भाजपा इस कदम से क्षेत्र में हिंदू समुदाय के बीच अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है। भाजपा की इस घोषणा ने मुर्शिदाबाद में राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।