April 16, 2026

Hind foucs news

hindi new update

संभल के प्राचीन मंदिर के बाहर कुएं की खोदाई में खंडित मूर्ति मिली

संभल। यूपी के संभल स्थित जिस प्राचीन मंदिर को 1978 के बाद अब खोला गया, उसके बाहर स्थित प्राचीन कुएं से कई खंडित मूर्ति मिली है। ये खंडित मूर्ति माता पार्वती, भगवान गणेश और भगवान कार्तिकेय की बताई जा रही है। संभल पुलिस के एएसपी श्रीश चंद्र ने पत्रकारों को ये जानकारी दी। संभल में प्राचीन मंदिर के बाहर कुएं को पाट दिया गया था। प्रशासन इस कुएं की फिर से खोदाई करा रहा है। कुएं की खोदाई के दौरान ही भीतर से खंडित मूर्तियां मिलीं। जानकारी के मुताबिक कुएं की 20 फिट तक खोदाई कराई जा चुकी है। इसे वापस पुराने स्वरूप में लाने की कोशिश संभल का प्रशासन कर रहा है।

संभल के प्रशासन ने प्राचीन मंदिर के आसपास बनाई गई दीवारों को भी गिरवा दिया है। साथ ही अतिक्रमण की जांच की जा रही है। संभल के डीएम राजेंदर पेंसिया ने पहले ही कहा था कि मंदिर जिस परिवार का था, उसका पता कराया जा रहा है। साथ ही सरकारी दस्तावेजों में भी मंदिर और मकान को दर्ज करने का निर्देश दिया गया है। स्थानीय लोगों से संभल के प्रशासन को पता चला है कि करीब 46 साल पहले दंगों के बाद मंदिर में ताला लगा दिया गया था और मकान छोड़कर वहां रहने वाले चले गए थे। अब प्रशासन ने बिजली चोरी का पता लगाने के लिए जब अभियान छेड़ा, तब प्राचीन मंदिर सामने आया। आसपास मकान बनाने वालों ने इस तरह दीवार खड़ी की थी कि मंदिर छिप गया था।

संभल के प्राचीन मंदिर में शिवलिंग और हनुमान जी की प्रतिमा मिली थी। प्रशासन और पुलिस ने लोगों की मदद से मंदिर की साफ-सफाई कराई और वहां रविवार से पूजा-पाठ होने लगा। मंदिर के बाहर और भीतर रंग रोगन भी कराया गया है। हनुमान जी की प्रतिमा को सिंदूर लगाया गया है। स्थानीय हिंदू समुदाय के लोग प्राचीन मंदिर की जानकारी सामने आने के बाद यहां आ भी रहे हैं। मंदिर के बाहर अब प्रशासन ने नाम भी लिखवा दिया है। साथ ही आगे अतिक्रमण न हो, इसके लिए सीसीटीवी कैमरे भी यहां लगाए गए हैं।