Weather: कड़ाके की ठंड से लेकर भारी बारिश तक के आसार, मौसम विभाग ने इन राज्यों के लिए जारी किया अलर्ट
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में लगातार बर्फबारी हो रही है। इसके कारण देश की राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में कड़ाके की ठंड है। मौसम विभाग की ताजा भविष्यवाणी है कि आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है। वहीं, दक्षिण भारत में भारी बारिश जारी रहने वाली है। खासकर तमिलनाडु, केरल और आंध्र प्रदेश में 19 दिसंबर तक कई जगह बहुत भारी बारिश की चेतावनी मौसम विभाग ने दी है। पहाड़ों पर बर्फबारी होने के बाद ठंड तो काफी हुई है, लेकिन फिलहाल उत्तर भारत में रोज सूरज निकल रहा है। धूप के कारण लोगों को राहत मिली हुई है। हालांकि, आने वाले दिनों में धूप में कमी से कड़ाके की ठंड पड़ने लगेगी। कई जगह घना कोहरा भी हो रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार पंजाब और हरियाणा में तापमान 4 से 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। दोनों ही राज्यों के लिए मौसम विभाग ने शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया है। पंजाब और हरियाणा में अधिकतम तापमान 22 डिग्री के आसपास रहने की बात मौसम विभाग ने कही है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के नजदीक होने के कारण पंजाब और हरियाणा में काफी ठंड होती है और कोहरा भी छाता है। मौसम विभाग ने राजस्थान के तमाम इलाकों के लिए शीतलहर की चेतावनी दी है। राजस्थान में माउंट आबू में तापमान काफी कम है। चुरू में भी तापमान गिरा है। अन्य जगह भी ठंड काफी पड़ रही है।
मौसम विभाग के अनुसार यूपी में भी ठंड का काफी असर पड़ने वाला है। मौसम विभाग ने कहा है कि यूपी के पूर्वांचल में अगले कुछ दिन घना कोहरा छा सकता है। वहीं, यूपी में तमाम जगह न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री तक पहुंचने की भविष्यवाणी भी मौसम विभाग ने की है। यूपी के पड़ोसी राज्य बिहार में भी ठंड लगातार बढ़ने वाली है। बिहार में कई जगह शीतलहर का अलर्ट जारी हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार बिहार में न्यूनतम तापमान 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। बिहार के पड़ोसी राज्य झारखंड के अलावा मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी ठंड में लगातार इजाफा होने की जानकारी मौसम विभाग ने दी है।
