देवेंद्र फडणवीस से मिलने बुके लेकर पहुंचे उद्धव ठाकरे, इस मुलाकात के क्या हैं सियासी मायने?
नई दिल्ली। शिवसेना यूबीटी के नेता उद्धव ठाकरे आज फूलों का गुलदस्ता लेकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मिलने पहुंचे। देवेंद्र फडणवीस ने भी गर्मजोशी के साथ हाथ मिलाकर उद्धव ठाकरे का स्वागत किया। अब इन दोनों नेताओं की मुलाकात के बाद महाराष्ट्र में राजनीतिक पारा हाई हो गया है। इस मुलाकात के सियासी मायने निकाले जाने लगे हैं। सोशल मीडिया पर उद्धव ठाकरे और देवेंद्र फडणवीस की हाथ मिलाते हुए तस्वीर भी काफी वायरल हो रही है जिसको लेकर कहा जा रहा है कि हाथ तो मिल गए अब क्या दिल भी मिलेंगे?
महाराष्ट्र विधानसभा के शीतकालीन सत्र में शामिल होने पहुंचे उद्धव ठाकरे ने सीएम से मुलाकात को एक सद्भावना मीटिंग कहा। उद्धव बोले, हमारी महाविकास अघाड़ी गठबंधन चुनाव नहीं जीत सका। महायुति गठबंधन चुनाव जीता और उनकी सरकार बनी। अब महाराष्ट्र के हित में सरकार से फैसले अपेक्षित हैं। इसी संदर्भ में एक सद्भावना मुलाकात के लिए मैं सीएम से मिलने विधान भवन गया। उधर, उद्धव ठाकरे के बेटे और शिवसेना (यूबीटी) विधायक आदित्य ठाकरे ने इस मुलाकात पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हमने एक कदम आगे बढ़कर काम किया है। हम चाहते हैं कि सत्ता पक्ष और विपक्ष के लोग मिलकर को महाराष्ट्र और देश के विकास के भागीदार बनें जिसके लिए राजनीतिक परिपक्वता दिखानी चाहिए।
दूसरी तरफ, उद्धव ठाकरे की सीएम देवेंद्र फड़णवीस से मुलाकात पर महाराष्ट्र कांग्रेस प्रमुख नाना पटोले ने कहा, कि देवेंद्र फडणवीस सीएम हैं। हम भी उनसे मिलते हैं और अब उद्धव ठाकरे उनसे मिले हैं, इसमें क्या दिक्कत है। आपको बता दें कि शिवसेना का बीजेपी के साथ बहुत पुराना गठबंधन रहा है। लेकिन 2019 में महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के बाद उद्धव ठाकरे ने पाला बदल लिया और उन्होंने कांग्रेस और शरद पवार के साथ मिलकर सरकार बना ली। हालांकि उनकी सरकार अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर सकी और उनकी पार्टी शिवसेना दो धड़ों में बंट गई।
