महाराष्ट्र टीईटी परीक्षा पेपर लीक मामले का मुख्य आरोपी बिजेंद्र गुप्ता बिहार से गिरफ्तार
मुंबई। महाराष्ट्र में टीईटी परीक्षा का पेपर लीक करने के मुख्य आरोपी बिजेंद्र गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया गया है। वो कई महीनों से पकड़ में नहीं आ रहा था। उसकी तलाश में बिहार में लगातार छापे मारे जा रहे थे। महाराष्ट्र पुलिस ने बिजेंद्र गुप्ता को बिहार से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। भिवंडी थाने की पुलिस उसे लेकर बिहार से पुणे पहुंच गई है। बिजेंद्र के साथ एक और आरोपी को भी पकड़ा गया है। महाराष्ट्र में टीईटी परीक्षा पेपर लीक मामले में पुलिस पहले ही बिजेंद्र की पत्नी और अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
बिजेंद्र के महाराष्ट्र पुलिस के हत्थे चढ़ने से पेपर लीक करने वाले और सहयोगियों, दूसरे आरोपियों वगैरा के बारे में जानकारी मिलने के आसार हैं। बिजेंद्र गुप्ता से पूछताछ कर पुलिस ये भी पता लगाएगी कि महाराष्ट्र टीईटी पेपर लीक आखिर किस तरीके से किया गया। बिजेंद्र गुप्ता का नाम पहले भी पेपर लीक के कई मामलों में आ चुका है। आजकल पेपर लीक का मामला गर्माया हुआ है। बिजेंद्र गुप्ता की गिरफ्तारी से पेपर लीक के कारण परेशान हुए टीईटी छात्रों को न्याय दिलाना संभव हो सकेगा।
इससे पहले, दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को पेपर लीक के मामलों की जांच के लिए एसआईटी बनाने का फैसला किया था। इस एसआईटी की कमान दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच के डीसीपी को दी गई है। अब से दिल्ली पुलिस की एसआईटी सभी केंद्रीय परीक्षा के पेपर लीक के मामलों की जांच करेगी। बीते दिनों नीट यूजी का पेपर लीक हुआ था। जिसकी जांच सरकार ने सीबीआई को दी और उसमें दो प्रोफेसर, कोचिंग चलाने वाली महिला समेत तमाम आरोपी गिरफ्तार भी किए जा चुके हैं। केंद्र सरकार ने पेपर लीक मामलों को रोकने के लिए कानून बदलने का फैसला भी किया है। जिसके तहत 10 साल की कैद और 10 करोड़ जुर्माने का प्रावधान होगा। ये संशोधन बिल सोमवार को संसद में पेश किया जाएगा। इससे पहले 2024 में मोदी सरकार ने पेपर लीक रोकने के लिए सख्त प्रावधान वाला कानून बनाया था, लेकिन उसके बावजूद घटनाएं होती रही हैं।
