June 19, 2026

Hind foucs news

hindi new update

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लॉन्च किया जल जीवन मिशन ऐप, कहा- पानी बचाने के प्रयास जरूरी

नई दिल्ली। महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को जल जीवन मिशन ऐप को लॉन्च किया। इस दौरान उन्होंने जल जीवन कोष भी लॉन्च किया। साथ ही उन्होंने जल जीवन मिशन के लाभार्थियों से बातचीत भी की। पीएम ने उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, उत्तराखंड, मणिपुर और गुजरात सहित देश के पांच राज्यों में जल जीवन मिशन  के लाभार्थियों के साथ बातचीत की। इस दौरान उन्होंने पानी समितियों और ग्राम पंचायतों के साथ संवाद भी किया।

बापू और लालबहादुर शास्त्री की जयंती पर बोले पीएम

पूज्य बापू और लालबहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर उन्होंने कहा कि ‘दोनों महान व्यक्तित्वों के हृदय में भारत के गांव ही बसे थे। मुझे खुशी है कि आज के दिन देशभर के लाखो गांवों के लोग ग्राम सभाओं के रूप में जल जीवन संवाद कर रहे हैं। ऐसे अभूतपूर्व और राष्ट्रव्यापी मिशन को इसी उत्साह, उर्जा से सफल बनाया जा सकता है।’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल जीवन मिशन पर बात करते हुए बोले कि ‘इसका विजन सिर्फ लोगों तक पानी पहुंचाने का ही नहीं है। ये विकेंद्रीकरण का भी एक बहुत बड़ा मूवमेंट है। इसका मुख्य आधार जन आंदोलन और जनभागीदारी है। जल जीवन मिशन को अधिक सशक्त और पारदर्शी बनाने के लिए आज कई और कदम भी उठाए गए हैं।’

पीएम ने बताई जल जीवन मिशन ऐप की खासियत

पीएम मोदी ने जल जीवन मिशन ऐप की खासियत बताई है। उन्होंने कहा कि ‘इस अभियान से जुड़ी सभी जानकारियां एक ही जगह जल जीवन मिशन ऐप पर मिल जाएंगी। गांव के लोग भी अपने यहां के पानी की शुद्धता पर बारीक नजर रख पाएंगे। एक सुखद एहसास हम सभी को है कि बापू के सपनों को साकार करने के लिए देशवासियों ने निरंतर परिश्रम किया है, अपना सहयोग दिया है।’

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *