April 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

भीषण शीतलहर की चपेट में उत्तर भारत, कोहरे के कारण भी ठंड में इजाफा; यूपी के 45 जिलों में कोल्ड डे की चेतावनी

नई दिल्ली। पहाड़ों में हुई बर्फबारी के कारण उत्तर भारत भीषण शीतलहर की चपेट में आ गया है। तमाम जगह घने कोहरे के कारण ठंड में और इजाफा हुआ है। दृश्यता की कमी के कारण यातायात पर भी असर पड़ा है। मौसम विभाग ने यूपी के 45 जिलों में कोल्ड डे की चेतावनी भी दी है। साथ ही कहा है कि अगले कुछ दिन तक तमाम राज्यों में कोहरा छाया रहेगा। दिल्ली की बात करें, तो यहां भी पिछले दिनों बारिश के बाद ठंड काफी बढ़ गई है। यहां न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। दिल्ली में कोहरा भी हो रहा है। कोहरे और बढ़ी ठंड के कारण लोगों को मुश्किल का सामना करना पड़ रहा है।

यूपी की बात करें, तो मंगलवार को 7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ बुलंदशहर सबसे ठंडा रहा। पश्चिमी यूपी के मेरठ, मुजफ्फरनगर और मुरादाबाद में न्यूनतम तापमान 9 से लेकर 10 डिग्री तक दर्ज किया गया। पश्चिमी यूपी के मुजफ्फरनगर, बुलंदशहर, बिजनौर, सहारनपुर, रामपुर, मुरादाबाद, मेरठ, हापुड़, बागपत, गाजियाबाद, नोएडा, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, इटावा, कन्नौज, औरैया, फर्रुखाबाद, कांशीराम नगर के साथ ही कानपुर नगर और देहात, उन्नाव, हरदोई, राजधानी लखनऊ, रायबरेली, बाराबंकी, फतेहपुर, बुंदेलखंड इलाके के बांदा, कौशांबी, चित्रकूट, इलाहाबाद, अमेठी, अयोध्या, प्रतापगढ़, सुलतानपुर, अंबेडकर नगर, वाराणसी, मिर्जापुर, सोनभद्र और चंदौली में भीषण ठंड की आशंका में यलो अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं, हरियाणा के नारनौल में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे चला गया। यहां न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री दर्ज हुआ। हरियाणा के सिरसा और हिसार के अलावा तमाम और जिलों में भी काफी ठंड है। जबकि, पंजाब की बात करें, तो यहां सभी जगह कड़ाके की ठंड और कोहरा देखा जा रहा है। पंजाब के बठिंडा में सबसे कम न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रहा। राजस्थान की राजधानी जयपुर और अजमेर व उदयपुर समेत राज्य के बड़े हिस्से में ठंड और कोहरे का डबल अटैक देखा जा रहा है। सभी जिलों में शीतलहर ने लोगों को कांपने पर मजबूर कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल के हिमालय से लगे इलाकों और ओडिशा में भी कुछ जगह आने वाले दिनों में ठंड बढ़ेगी।