वो दिन दूर नहीं जब आप…पीएम नरेंद्र मोदी के ऐसा कहते ही गूंज उठी प्रवासी भारतीयों की तालियां
नई दिल्ली। 18वें प्रवासी भारतीय दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारतीय प्रवासियों ने दुनिया भर में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उनकी उपलब्धियाँ हमें गौरवान्वित करती हैं। हम एक साथ मिलकर भारत, भारतीयता का जश्न मनाते हैं, अपनी जड़ों से जुड़ते हैं। इसी के साथ मोदी ने युद्धग्रस्त देशों को संदेश देते हुए कहा कि भविष्य युद्ध में नहीं, बुद्ध में है।
मोदी बोले, आज जब दुनिया डिजिटल इंडिया की ताकत देखकर हैरान होती है तो इस पर हम सभी को होता हैं। भारत में हर क्षेत्र नई ऊंचाइयों को छूने की ओर आगे बढ़ रहा है, चाहे वह नवीकरणीय ऊर्जा हो, विमानन या बिजली गतिशीलता, विशाल मेट्रो नेटवर्क या बुलेट ट्रेन परियोजना, भारत की प्रगति की गति सभी रिकॉर्ड तोड़ रही है। आज भारत ‘मेड इन इंडिया’ लड़ाकू विमान, परिवहन विमान बना रहा है और वो दिन दूर नहीं जब आप किसी मेड इन इंडिया प्लेन से ही प्रवासी भारतीय दिवस मनाने भारत आएंगे। आज का भारत अपना प्वाइंट तो मजबूती से रखता ही है साथ ही ग्लोबल साउथ की आवाज को भी पूरी ताकत से उठाता है।
पीएम मोदी ने कहा कि हम सिर्फ लोकतंत्र की जननी नहीं हैं, बल्कि लोकतंत्र हमारी लाइफ का हिस्सा है। हमारी जीवन ही विविधता से चलता है। हमें विविधता सिखाने की जरूरत नहीं है, क्योंकि हमारा जीवन इस पर आधारित है इसलिए, भारतीय जहां भी जाते हैं, वे वहां के नियमों और परंपराओं का सम्मान करते हैं और ईमानदारी से उस देश और समाज की सेवा करते हैं, उनके विकास और समृद्धि में योगदान करते हैं। इन सबके साथ ही हमारे दिल में भारत भी धड़कता रहता है। हम भारत की हर खुशी के साथ खुश होते हैं और देश की हर उपलब्धि का जश्न मनाते हैं।
