गौतम अडाणी और इस्कॉन मिलकर प्रयागराज महाकुंभ में श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराएंगे नि:शुल्क भोजन
नई दिल्ली। अडाणी समूह के चेयरमैन गौतम अडाणी इस्कॉन संस्था के साथ मिलकर प्रयागराज महाकुंभ में श्रद्धालुओं को नि:शुल्क भोजन उपलब्ध कराएंगे। महाकुंभ मेले में 13 जनवरी से 26 फरवरी तक, अडाणी समूह और इस्कॉन द्वारा महाप्रसाद सेवा प्रदान की जाएगी जिसमें लाखों लोग अपना पेट भर सकेंगे। गौतम अडाणी ने इस संबंध में इस्कॉन के गवर्निंग बॉडी कमीशन के अध्यक्ष गुरु प्रसाद स्वामी महाराज जी से अहमदाबाद में मुलाकात की। इसके साथ ही अडाणी समूह द्वारा महाकुंभ में दिव्यांगजनों, बुजुर्गों और बच्चों के लिए गोल्फ कार्ट की भी नि:शुल्क सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। अडाणी समूह द्वारा आरती संग्रह की एक करोड़ पुस्तकों को भी मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं को नि:शुल्क बांटा जाएगा।
गौतम अडाणी ने इस्कॉन के गुरु प्रसाद स्वामी महाराज के साथ मुलाकात की फोटो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा, कुंभ सेवा की वो तपोभूमि है जहां हर हाथ स्वतः ही परमार्थ में जुट जाता है! यह मेरा सौभाग्य है कि महाकुम्भ में हम इस्कॉन के साथ मिलकर श्रद्धालुओं के लिए ‘महाप्रसाद सेवा’ आरम्भ कर रहे हैं, जिसमें मां अन्नपूर्णा के आशीर्वाद से लाखों लोगों को निःशुल्क भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। इस संदर्भ में इस्कॉन के गुरु प्रसाद स्वामी जी से मिल कर सेवा के प्रति समर्पण की शक्ति को गहराई से अनुभव करने का अवसर प्राप्त हुआ। सच्चे अर्थों में सेवा ही राष्ट्रभक्ति का सर्वोच्च स्वरूप है। सेवा साधना है, सेवा प्रार्थना है और सेवा ही परमात्मा है।
महाकुंभ मेला क्षेत्र के अंदर और बाहर दो रसोईयों में महाप्रसाद तैयार किया जाएगा। इसके बाद महाप्रसाद को महाकुंभ क्षेत्र में अलग-अलग 40 स्थानों पर वितरित किया जाएगा। इसके लिए 2500 स्वयंसेवक सहयोग देंगे। वहीं अडाणी समूह ने गीता प्रेस गोरखपुर को विभिन्न आरती संग्रह की एक करोड़ पुस्तकें छापने का ऑर्डर दिया है। इन पुस्तकों में भगवान शिव, विष्णु, गणेश, बजरंग बली, माता दुर्गा, लक्ष्मी समेत अन्य देवी-देवताओं की आरती और भजन होंगे। आरती संग्रह की ये पुस्तकें महाकुंभ के दौरान अलग-अलग स्थानों पर श्रद्धालुओं को नि:शुल्क बांटी जाएंगी।
