एंबिशन नहीं मिशन के साथ राजनीति में आएं युवा, पीएम नरेंद्र मोदी ने पहले पॉडकास्ट इंटरव्यू में दी सीख, पसंद किया जा रहा ट्रेलर
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पहला पॉडकास्ट इंटरव्यू जल्द ही प्रसारित होने वाला है। जेरोधा के को-फाउंडर निखिल कामथ के पॉडकास्ट ‘पीपल बाय डब्ल्यूटीएफ’ (People By WTF) में पीएम मोदी कई मुद्दों पर अपनी बात रखते नजर आएंगे। फिलहाल इस इंटरव्यू की एक 2 मिनट 13 सेकेंड की क्लिप रिलीज की गई है जो लोगों को खूब पसंद आ रही है। निखिल कामत ने पीएम के पॉडकास्ट इंटरव्यू की क्लिप अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर की है। इस पर कमेंट करते हुए खुद प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा, मुझे आशा है कि आप सभी इसका उतना ही आनंद लेंगे जितना हमने आपके लिए इसे बनाने में लिया।
वीडियो में देखा जा सकता है निखिल कामत पीएम से कहते हैं कि मैं आपके साथ बैठकर बातें करने में नर्वस फील कर रहा हूं, इस पर मोदी ने उनसे कहा, मेरा भी यह पहला पॉडकास्ट है पता नहीं कैसा जाएगा। इसके बाद कामत पीएम से कहते हैं कि सर मुझे माफ कीजिए अगर मेरी हिंदी ज्यादा अच्छी नहीं हो तो मोदी ने तुरंत जवाब दिया हम दोनों की ऐसे ही चलेगी। जब कामत ने पूछा कि अगर किसी युवा को आज राजनीति में आना है तो उसमें कोई ऐसा टैलेंट जो आप परख सकते हों, इस पर मोदी बोले, राजनीति में निरंतर अच्छे लोगों को आते रहना चाहिए लेकिन मिशन लेकर, एंबिशन लेकर नहीं।
‘गलतियां मुझसे भी होती हैं, मनुष्य हूं, कोई देवता थोड़ा हूं’
मोदी ने बताया कि जब मैं मुख्यमंत्री बना तो मेरा एक भाषण था, मैंने सार्वजनिक रूप से कहा था गलतियां होती हैं, मुझसे भी होती हैं। मैं भी मनुष्य हूं, मैं कोई देवता थोड़ा हूं। पीएम के रूप में सेकेंड टर्म फर्स्ट से कैसे अलग था के सवाल पर मोदी ने कहा, पहली टर्म में तो लोग मुझे भी समझने की कोशिश करते थे और मैं भी दिल्ली को समझने की कोशिश कर रहा था। कामथ ने कहा कि साउथ इंडियन मिडिल क्लास फैमिली में पहले बच्चों को यह बताया जाता था कि राजनीति अच्छी चीज नहीं है, यह इस कदर हावी है कि इस धारणा को बदलना बहुत मुश्किल है, तो हम जैसे लोगों के लिए आप क्या कहेंगे, इस पर मोदी ने जवाब दिया कि आप जो कह रहे थे वही होते तो आज आप यहां नहीं होते।
