April 18, 2026

Hind foucs news

hindi new update

उद्धव ठाकरे की पार्टी ने कांग्रेस पर साधा निशाना, मुखपत्र सामना में लिखा- जनता को लग रहा है कि…

मुंबई। महाराष्ट्र की महाविकास आघाड़ी में तनातनी और बढ़ती दिख रही है। पहले संजय राउत ने एलान कर दिया की उद्धव ठाकरे की पार्टी शिवसेना-यूबीटी अकेले दम पर बीएमसी समेत महाराष्ट्र के सभी नगर निकायों का चुनाव लड़ेगी। अब उद्धव ठाकरे की पार्टी के मुखपत्र सामना के संपादकीय में कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए इंडी गठबंधन के भविष्य पर सवाल उठाया गया है। सामना के संपादकीय में लिखा गया है कि जनता को लग रहा है कि देश में इंडी गठबंधन और महाराष्ट्र में महाविकास आघाड़ी बड़ी गड़बड़ है। उद्धव की पार्टी के मुखपत्र सामना ने लिखा है कि हर क्षेत्रीय दल को अपनी भूमिका, कार्यकर्ता और वजूद बचाना चाहिए और कांग्रेस इसे समझने के लिए राजी नहीं है।

सामना में लिखा है कि कई राज्यों में कांग्रेस अपने दम पर लड़ भी नहीं सकती। उसके पास लड़ने की ताकत नहीं है, लेकिन क्षेत्रीय दलों को साथ आकर और एकजुटता से चुनाव लड़ना चाहिए। दरअसल, हरियाणा और फिर महाराष्ट्र चुनाव में जिस तरह विपक्ष का सूपड़ा साफ हुआ, उससे इंडी गठबंधन और महाविकास आघाड़ी में कांग्रेस पर सवाल उठ रहे हैं। महाराष्ट्र में तो महाविकास आघाड़ी में शामिल कांग्रेस को 16 विधानसभा सीट पर जीत मिली। वहीं, उसकी सहयोगी उद्धव ठाकरे की शिवसेना-यूबीटी को 20 और शरद पवार वाली एनसीपी को 10 सीटें ही मिलीं। कांग्रेस के दयनीय प्रदर्शन के बाद इंडी गठबंधन की तरफ से लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं। नेशनल कॉन्फ्रेंस के उमर अबदुल्ला तो इस गठबंधन के अस्तित्व पर ही सवाल उठा चुके हैं।

वहीं, ममता बनर्जी ने पहले कहा था कि वो गठबंधन की कमान संभालने के लिए तैयार हैं। शरद पवार, लालू यादव, उद्धव ठाकरे, अरविंद केजरीवाल और अखिलेश यादव जैसे नेताओं ने ममता बनर्जी का समर्थन भी किया था। इंडी गठबंधन की हालत ये है कि अर्से से इसके नेताओं की बैठक नहीं हुई है। वहीं, महाराष्ट्र में महाविकास आघाड़ी के दलों का भी यही हाल है। खास बात ये है कि बीते दिनों ही शरद पवार ने आरएसएस की तारीफ भी कर दी। ऐसे में अब सामना में जिस तरह कांग्रेस पर निशाना साधा गया है, उससे साफ है कि महाराष्ट्र में विपक्ष की एकजुटता ढुलमुल हालत में पहुंच गई है।