स्मृति मंधाना ने जड़ा वनडे का सबसे तेज शतक, बनाए और भी कई रिकॉर्ड
नई दिल्ली। भारत की महिला क्रिकेट टीम की ओपनर स्मृति मंधाना ने सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड तोड़ कर उसे अपने नाम दर्ज करा लिया है। राजकोट में आयरलैंड के खिलाफ खेली जा रही वन डे सीरीज के अंतिम मैच में आज धमाकेदार पारी खेलते हुए स्मृति मंधाना ने 70 गेंदों पर शतक जड़ दिया। इसी के साथ स्मृति ने महिला वनडे क्रिकेट में भारत की ओर से सबसे तेज सेंचुरी लगाई। उन्होंने हरमनप्रीत कौर के सबसे तेज शतक लगाने के रिकॉर्ड को तोड़ दिया।
हरमनप्रीत के नाम 87 गेंदों पर शतक जड़ने का रिकॉर्ड दर्ज था। साल 2024 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे मैच में उन्होंने यह कारनामा किया था। हरमनप्रीत ने इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2017 में भी 90 गेंदों में शतक लगाया था। मंधाना ने 80 गेंदों में 135 रन बनाए जिसमें उन्होंने 12 चौके और 7 छक्के लगाए।
इस तरह उन्होंने वनडे क्रिकेट में भारत की ओर से सबसे ज्यादा छक्के जड़ने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। अब स्मृति मंधाना और हरमनप्रीत कौर दोनों के 52-52 छक्के हो गए हैं। वहीं स्मृति ने इस शतक के साथ एक और रिकॉर्ड बनाकर इतिहास रच दिया है। भारतीय महिला क्रिकेट के इतिहास में वनडे में 10 शतक लगाने वाली स्मृति मंधाना पहली क्रिकेटर बन गई हैं।
भारत की तरफ से जेमिमा रोड्रिग्स ने इसी सीरीज में आयरलैंड के खिलाफ राजकोट में 90 गेंदों में शतक जड़ा था। वहीं हरलीन देओल ने पिछले साल 2024 में वेस्टइंडीज के खिलाफ वडोदरा में 98 गेंदों में सेंचुरी लगाई थी। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महिलाओं के वन डे सबसे ज्यादा शतकों की बात करें तो इसमें ऑस्ट्रेलिया की महिला क्रिकेटर मेग लैनिंग 15 शतकों के साथ टॉप पर हैं। 13 शतकों के साथ न्यूजीलैंड सूजी बेट्स दूसरे नंबर पर कायम हैं। वहीं इंग्लैंड की टैमी ब्यूमोंट 10 शतकों के साथ तीसरे पायदान पर हैं और आज स्मृति ने उनके इस रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।
