April 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

नई मुश्किल में अरविंद केजरीवाल!, यमुना में जहर वाले बयान पर माफी न मांगी तो हरियाणा सरकार केस दर्ज कराएगी

चंडीगढ़/नई दिल्ली। दिल्ली के पूर्व सीएम और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल नई मुश्किल में फंसते दिख रहे हैं। हरियाणा सरकार ने यमुना के बारे में दिए गए बयान पर अरविंद केजरीवाल पर केस करने का फैसला किया है। हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि अगर केजरीवाल माफी नहीं मांगेंगे, तो हम मानहानि का केस करेंगे। उन्होंने कई सवाल भी अरविंद केजरीवाल पर दागे हैं। वहीं, दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार के विभाग जल बोर्ड ने भी अरविंद केजरीवाल के यमुना संबंधी दिए बयान को भ्रामक, लोगों में डर पैदा करने वाला और राज्यों से संबंध बिगाड़ने वाला बताया है। चुनाव आयोग पहले ही अरविंद केजरीवाल के यमुना संबंधी बयान पर हरियाणा सरकार से जवाब मांग चुका है।

अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को बयान दिया था कि हरियाणा में दिल्ली आने वाली यमुना नदी के पानी में जहर मिलाया जा रहा है। अरविंद केजरीवाल ने ये भी कहा था कि देश ने आज तक इतनी गंदी राजनीति नहीं देखी। अगर दिल्ली की जनता बीजेपी को वोट नहीं दे रही, तो क्या आप उनको जहर मिला पानी पिलाकर मार देंगे? अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि हरियाणा से आ रहे यमुना के पानी में अमोनिया का स्तर इतना ज्यादा है कि दिल्ली में पानी को साफ करने वाले संयंत्र इसे साफ नहीं कर सकते। उन्होंने इसे सामूहिक नरसंहार की साजिश बताया था। साथ ही अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि दिल्ली जल बोर्ड के इंजीनियरों ने सीमा पर पानी रोक लिया, जिससे ये दिल्ली में नहीं आ सका।

केजरीवाल के इसी बयान पर चुनाव आयोग ने हरियाणा सरकार से रिपोर्ट मांगी थी। वहीं, हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने अरविंद केजरीवाल को निशाने पर लिया था। नायब सिंह सैनी ने कहा था कि आरोप लगाकर भागना अरविंद केजरीवाल की आदत है। हरियाणा के सीएम ने कहा कि सोनीपत के बाद यमुना नदी दिल्ली में प्रवेश करती है। हरियाणा सरकार ने सोनीपत में यमुना के पानी की जांच की और उसमें कोई समस्या नहीं मिली। नायब सिंह सैनी ने कहा था कि दिल्ली में पानी वितरण की प्रणाली में कमी है और दिल्ली की जनता अरविंद केजरीवाल को सबक सिखाएगी।