April 17, 2026

Hind foucs news

hindi new update

सिद्धिविनायक मंदिर में दर्शन करने जाने वालों के लिए जारी किया गया ड्रेस कोड

नई दिल्ली। मुंबई के प्रसिद्ध सिद्धिविनायक मंदिर में दर्शन करने जाने से पहले आपको अपने कपड़ों पर ध्यान देना होगा, वरना मंदिर में एंट्री नहीं मिलेगी। सिद्धिविनायक मंदिर प्रशासन ने दर्शनार्थियों के लिए नई ड्रेस कोड नीति जारी की है। मंदिर प्रशासन के अनुसार अब से मंदिर में कट-ऑफ जींस, स्कर्ट, शॉर्ट ड्रेसेस, ज्यादा खुले कपड़े पहनकर जाने वालों को मंदिर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। मंदिर प्रशासन का कहना है कि भक्तों को मंदिर की पवित्रता का सम्मान करते हुए ऐसे कपड़े पहनकर मंदिर आना चाहिए जिससे मंदिर की शालीनता बनी रहे।

सिद्धिविनायक श्राइन ट्रस्ट ने पारंपरिक भारतीय पोशाक पहनकर मंदिर आने की सलाह दी गई है। आपको बता दें कि देश में बहुत से मंदिर हैं जहां पर ड्रेस कोड लागू है। इनमें से ज्यादातर मंदिर दक्षिण भारत में स्थित हैं। इन मंदिरों में पुरुषों और महिलाओं को पारम्परिक भारतीय परिधान में ही मंदिर में प्रवेश की अनुमति मिलती है।

इसी की तर्ज पर अब सिद्धिविनायक मंदिर ट्रस्ट ने भी यह फैसला किया है। मंदिर ट्रस्ट द्वारा ड्रेस कोड के फैसले पर सिद्धिविनायक मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी का कहना है कि सिद्धिविनायक मंदिर जो सभी के जीवन में मंगल करने वाला मंदिर है वहां ड्रेस कोड सभी के लिए लागू है और भक्तों से अपेक्षा की जाती है कि वे मंदिर में आने पर शालीन कपड़े पहनें।

आपको बता दें कि मुंबई के प्रभा देवी इलाके में स्थित सिद्धिविनायक मंदिर की बहुत मान्यता है। गणेश जी का यह भक्त अपनी मनोकामना पूरी करने की आस लेकर दुनिया भर से यहां दर्शन करने आते हैं। इस मंदिर की खास बात यह है कि यहां विराजमान गणेश जी की प्रतिमा की सूड़ दाईं ओर मुड़ी हुई है। मंदिर में आने वाले भक्त धन, ऐश्वर्य और जीवन में सफलता संबंधी अपनी तमाम मन्नतों को पूरा होने की दुआ मांगते हैं।