February 15, 2026

Hind foucs news

hindi new update

Health Sector : देशभर में खोले जाएंगे डे केयर कैंसर सेंटर, 36 जीवनरक्षक दवाएं होंगी सस्ती

नई दिल्ली।  वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपने बजट भाषण में स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी कई योजनाओं की घोषणा की। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार अगले तीन सालों में सभी जिला अस्पतालों में डे-केयर कैंसर केंद्र स्थापित करेगी। मौजूदा वर्ष 2025-26 में ही डे-केयर कैंसर सेंटर के 200 केंद्र चालू हो जाएंगे। कैंसर सेंटर के खुल जाने से पूरे भारत में इस बीमारी से ग्रस्त लोगों को शीघ्र निदान, सुलभ देखभाल और कैंसर से लड़ाई में उचित प्रबंधन सुनिश्चित होगा।

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कैंसर मरीजों को राहत देते हुए बहुत सारी जीवन रक्षक दवाओं से कस्टम ड्यूटी हटाए जाने का ऐलान किया है। सरकार के इस फैसले से कैंसर की दवाएं अब पहले के मुकाबले कम कीमत पर उपलब्ध होंगी। वित्त मंत्री बोलीं, सरकार 36 जीवन रक्षक दवाओं को मूल सीमा शुल्क से पूरी तरह छूट वाली दवाओं की सूची में शामिल करेगी। वहीं, छह जीवन रक्षक दवाओं को 5 प्रतिशत की रियायती सीमा शुल्क वाली सूची में जोड़ा जाएगा। इसी के साथ वित्त मंत्री ने हेल्थ सेक्टर से जुड़ी एक और बड़ी घोषणा की। डॉक्टर बनने का सपना देख रहे मेडिकल स्टूडेंट्स को बड़ी सौगात देते हुए वित्त मंत्री ने मेडिकल सीट्स बढ़ाने का ऐलान किया है।

अगले पांच साल सरकार मेडिकल की 75000 सीटों को बढ़ाएगी। इसके तहत अगले वर्ष तक देश भर के मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में 10 हजार सीट जोड़ी जाएंगी। वित्त मंत्री ने कहा, हमारी सरकार ने 10 वर्षों में लगभग 1.1 लाख स्नातक और स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा सीटें जोड़ी हैं, जो 130 प्रतिशत की वृद्धि है। अगले पांच वर्षों में 75000 सीटें जोड़ने के लक्ष्य की दिशा में अगले वर्ष मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में 10 हजार अतिरिक्त सीटें जोड़ी जाएंगी। इस तरह से वित्त मंत्री ने देश के स्वास्थ्य सेक्टर को ध्यान में रखते हुए बड़ी राहत दी है।

You may have missed