July 1, 2026

Hind foucs news

hindi new update

बिहार कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान के इकलौते बेटे अयान ने की खुदकुशी

पटना। बिहार में कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान के इकलौते बेटे ने खुदकुशी कर ली है। शकील अहमद खान के बेटे का नाम अयान है। उसकी उम्र 18 साल थी। कांग्रेस नेता शकील अहमद खान के बेटे ने खुदकुशी क्यों की, इसका पता नहीं चला है। अयान के बारे में बताया जा रहा है कि उसने कमरे में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस को परिवार ने जानकारी दी है कि शकील अहमद खान का बेटा रविवार रात ठीक था और अपने कमरे में सोने गया था। सोमवार सुबह जब वो बाहर नहीं निकला, तो लोगों ने अयान के कमरे में जाकर देखा। वहां पाया कि शकील अहमद खान के बेटे का शव फांसी के फंदे से झूल रहा है।

बिहार की राजधानी पटना के सचिवालय थाना क्षेत्र में शकील अहमद खान को सरकारी आवास मिला हुआ है। कांग्रेस विधायक दल के नेता के बेटे की खुदकुशी की खबर मिलने के बाद पुलिस के अफसर मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक साइंस की टीम को बुलाकर शकील अहमद खान के बेटे के कमरे से सबूतों की तलाश कराई गई। शकील अहमद खान साल 1999 में कांग्रेस में शामिल हुए थे। शकील अहमद खान बिहार के कटिहार जिले की कदवा विधानसभा सीट से 2015 में पहली बार विधायक बने थे। फिर साल 2020 में भी इसी सीट से शकील अहमद खान ने विधानसभा चुनाव जीता था। शकील अहमद खान की योग्यता को देखते हुए कांग्रेस ने बिहार विधानसभा में उनको पार्टी के विधायक दल का नेता बनाया था।

शकील अहमद खान की छवि स्वच्छ नेता की है। उनका मूल निवास बिहार के कटिहार जिले के ही कबर कोठी गांव में हैं। पटना से स्नातक की पढ़ाई करने वाले शकील अहमद खान ने जेएनयू से भी शिक्षा हासिल की है। देश की सबसे नामचीन दिल्ली की इस यूनिवर्सिटी से शकील अहमद खान ने एमए, एम.फिल और पीएचडी की। बिहार कांग्रेस में शकील अहमद खान कई पदों पर भी रहे।